श्रीनगर में ठंड का कहर, दिसंबर के पहले दिन ही तापमान शून्य से 2.5 डिग्री नीचे

मौसम विभाग का अलर्ट

आरयू वेब टीम। मौसम लगातार अपने तेवर बदल रहा है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बुधवार को भी कड़ाके की ठंड जारी रही और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग (एमईटी) के एक अधिकारी ने कहा, शीतलहर से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 था, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 जबकि गुलमर्ग में शून्य से 1.6 नीचे दर्ज किया गया। वहीं द्रास शहर में शून्य से 12.8, लेह में शून्य से 11.9 और कारगिल में शून्य से 7.4 नीचे दर्ज किया गया।

जम्मू शहर और कटरा दोनों में 8.8, बटोटे में 3.6, बनिहाल में शून्य से 0.6 नीचे और भद्रवाह में न्यूनतम 1.5 था। मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पांच से सात दिसंबर के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

यह भी पढ़ें- UP समेत उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, मौसम विभाग ने दी बारिश की चेतावनी

वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस संबंध में मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक शुभांगी भुते के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और मालदीव, लक्षदीप के इलाके में चक्रवाती परिसंचरण की वजह से यह बारिश हो रही है। इस वजह से कम दबाव का क्षेत्र भी पूर्वी-मध्य अरब सागर में बन रहा है। ऐसे में महाराष्ट्र के समुद्री इलाकों में अगले 24 घंटों तक बारिश की संभावना है। कोंकण इलाके में भी बारिश की संभावना जताई गई है। इस खबर के हर अपडेट के लिए इस पेज पर  बने रहें।

यह भी पढ़ें- ठंड की दस्तक के साथ स्मॉग की चादर से घिरा लखनऊ