आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। जिसने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। इसी को देखते हुए प्रदेश के 19 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 43 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और सक्रिय मानसूनी तंत्र के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार बने हुए हैं। वहीं लखनऊ में गुरुवार सुबह हुई बारिश ने मौसम का पूरा मिजाज बदल दिया। सुबह से आसमान में बादलों का डेरा रहा और ठंडी हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, हालांकि कई इलाकों में जलभराव और धीमी यातायात की समस्या भी देखने को मिली। दफ्तर जाने वाले लोगों को कुछ स्थानों पर ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- यूपी में मौसम ने ली करवट, लखनऊ समेत इन जिलों के लिए जारी हुआ बारिश-वज्रपात का अलर्ट
वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। जबकि प्रदेश के 43 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, बादलों की आवाजाही और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की सक्रियता के चलते अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई तक पूर्वी यूपी के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश होती रहेगी। वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर अच्छी वर्षा होने की संभावना है।




















