आरयू वेब टीम। तृणमूल कांग्रेस को कलकत्ता हाई कोर्ट ने गुरुवार को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने टीएमसी के नियमित खर्चों के लिए एक स्पेशल ऑफिसर की देखरेख में फ्रीज किए गए तीनों बैंक खातों को अस्थायी रूप से संचालित करने की अनुमति दी है। इस दौरान कोर्ट ने एक बात साफ कर दी है कि टीएमसी बिना स्पेशल ऑफिसर की देखरेख में पैसों का इस्तेमाल नहीं कर पाएगी।
ऐसे में कोर्ट ने टीएमसी बैंक अकाउंट के ऑपरेशन में मदद के लिए एक स्पेशल ऑफिसर नियुक्त किया है। हालांकि, अकाउंट में मौजूद पैसे का इस्तेमाल महज पार्टी के नियमित खर्चों और कानूनी खर्चों के लिए ही किया जाएगा। न्यायमूर्ति सौगता भट्टाचार्य की एकल पीठ ने हाई कोर्ट के रिटायर न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुब्रता तालुकदार को 30 सितंबर तक लेनदेन की निगरानी के लिए स्पेशल ऑफिसर नियुक्त किया है।
इस व्यवस्था के तहत, टीएमसी महज पार्टी के नियमित खर्चों के लिए ही फ्रीज किए गए अकाउंटों से पैसा निकाल सकेगी। हालांकि, किसी अन्य कामों के लिए पैसों की निकासी नहीं हो पाएगी। हाई कोर्ट ने निर्देश दिया कि बैंक में चेक देने से पहले उस पर टीएमसी के दो अधिकृत पदाधिकारियों के दस्तखत होने चाहिए। साथ ही स्पेशल ऑफिसर के दस्तखत भी अनिवार्य होंगे।
यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी के कोलकाता घर पर पहुंची CID टीम
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एचडीएफसी बैंक में टीएमसी के तीन खातों को फ्रीज कर दिया था, जिसमें 440 करोड़ रुपये जमा हैं। जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई कोलकाता स्थित केयरवेल एविएशन नामक कंपनी के जरिए टीएमसी के 160 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की थी।
आरोप लगाया गया कि इन पैसों का इस्तेमाल 112 करोड़ रुपये में एक एम्ब्रेयर 600 विमान और एक अगस्ता हेलीकॉप्टर खरीदने के लिए किया गया था, जिसे जांच एजेंसी एक संदिग्ध लेनदेन मानती है। ये पहला मौका है जब ईडी ने किसी राजनीतिक दल के बैंक खातों को सीज किया है।




















