आरयू ब्यूरो, लखनऊ। छठ पूजा को लेकर राजधानी लखनऊ के घाटों पर तैयारी अपने अंतिम चरण में है। आज यूपी के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने छठ महापर्व के दृष्टिगत महापौर सुषमा खर्कवाल व नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ लखनऊ के झूलेलाल घाट और मेहंदी घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान योगी सरकार के मंत्री ने घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। व्यवस्था चाक चौबंद होनी चाहिये।
नगर विकास मंत्री ने झूलेलाल घाट पर प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अतिरिक्त लाइटिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों के साथ ही संपर्क मार्गों, सीढ़ियों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग के अधिकारी निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखें तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखें।
इसके बाद एके शर्मा ने मेहंदी घाट पहुंचकर सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर नियमित सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन एवं आवागमन की सुचारु व्यवस्था रखी जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। नगर निगम द्वारा घाटों की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




















