आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून का आखिरी दौर अब सबसे भारी होने जा रहा है। लखनऊ समेत कई जिलों में पिछले दो दिन से लगातार बारिश हो रही है, लेकिन असली चेतावनी कल के लिए है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), लखनऊ ने 26 सितंबर के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार Day-2 यानी 26 सितंबर सुबह 8:30 से 27 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक प्रदेश के बड़े हिस्से में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होगी।
8 जिलों में रेड अलर्ट, बरतें सावधानी
सबसे खतरनाक स्थिति तराई और रुहेलखंड में रहेगी। IMD ने यहां बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट दिया है।
रेड अलर्ट वाले जिले: श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत व शाहजहांपुर।
इन जिलों में 204 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है। प्रशासन को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
लखनऊ का मौसम: कल और बढ़ेगी बारिश
सूबे की राजधानी लखनऊ में आज भी सुबह से रात तक धने बादल छाए हुए हैं। लगातार हो रही बारिश से शहर के अधिकतर इलाकों में जलजमाव के हालात है। लोगों का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ठेले पटरी पर सामान बेचने और मजदूरी कर रोज कमाकर खाने वालों के लिए समस्या आज और भी बड़ी रही। दूसरी ओर मौसम विभाग ने लखनऊ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यानी कल राजधानी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना अधिक है।
लखनऊ के साथ बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं में भी यही अलर्ट है। इन जिलों में रहने वाले लोग कल बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले।
यूपी के बाकी जिलों का हाल
लगातार बारिश के बीच शुक्रवार को प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, कानपुर, उन्नाव, मेरठ और सहारनपुर समेत 30 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। साथ में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की झोंकेदार हवा और बिजली गिरने की भी संभावना है।
फ्लैश फ्लड की चेतावनी
IMD ने 26 सितंबर सुबह 11:30 बजे तक 24 जिलों में फ्लैश फ्लड का मध्यम जोखिम बताया है। इसमें लखनऊ, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली, कानपुर नगर, बांदा और चित्रकूट शामिल हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोग सावधान रहें।
नोट- यह चेतावनी प्रादेशिक मौसम केंद्र, लखनऊ द्वारा 25 सितंबर को जारी की गई है। अधिक जानकारी के लिए http://imdgeospatial.imd.gov.in देखें।
साथ में चलेगी आंधी, गिरेगी बिजली
मौसम विभाग ने आज कहा है कि लगभग पूरे यूपी में मेधगर्जन के साथ 40-60 किमी/घंटा की स्पीड से झोंकेदार हवा चलने की संभावना है।
Q: कल लखनऊ में कितनी बारिश होगी?
A: IMD के अनुसार कल लखनऊ में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
Q: यूपी में रेड अलर्ट कहां है?
A: 26 सितंबर को श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में रेड अलर्ट है।




















