आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने 28 अगस्त यानी रक्षाबंधन के दिन मानसून की रफ्तार में नरमी देखने का अंदेशा जताया है। भारी से अत्यधिक भारी बारिश के अलर्ट के बाद अब 28 तारीख को प्रदेशवासियों को राहत मिलने की संभावना है। आइएमडी के अनुसार 28 अगस्त को पूरे प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- यूपी में भारी बारिश का अलर्ट जारी, बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक अधिकांश इलाकों में मौसम साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है, जबकि कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी हिस्से की तुलना में पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधि थोड़ी अधिक रहेगी। संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने 28 अगस्त की सुबह तक और उसके बाद के 24 घंटों के दौरान बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर के आस-पास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें गिर सकती हैं।
वहीं कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं। पश्चिमी यूपी के तराई और मैदानी जिलों में छिटपुट बादलों की आवाजाही के बीच केवल एक-दो स्थानों पर ही हल्की बारिश हो सकती है।




















