अखिलेश के 40 हजार वाले ऐलान पर डिप्टी सीएम का पलटवार, सपा के ‘PDA को बताया परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’

केशव मौर्या
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को महिलाओं और छात्राओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। सपा मुखिय के इन वादों पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने तीखा हमला बोला है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए  कहा कि सपा के मुंह से महिला सुरक्षा और सम्मान की बात महज छलावा है। केशव मौर्या ने सपा के 2012-17 के शासनकाल को याद दिलाते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश ने “गुंडागर्दी, अपराध, माफिया, दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों के संरक्षण वाली राजनीति” देखी।

इस दौरान डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेता भविष्य के नाम पर “फर्जी वादे बेच रहे हैं।” साथ ही सपा के पीडीए पर तंज कसते हुए इसे “परिवार डेवलपमेंट एजेंसी” बताया। आगे दावा किया कि यूपी की महिलाएं सपा की राजनीति को बेहतर तरीके से समझती हैं और वे उसके “चाल, जाल और झांसे” में नहीं आएंगी।

गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने आज सपा कार्यालय प्रेसवार्ता ऐलान किया कि सपा की सरकार बनने पर प्रदेश की हर 12वीं पास बेटी को लैपटॉप दिया जाएगा। हर महिला को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में पहले छात्राओं को साइकिल दी जाती थी और सत्ता में वापसी के बाद दोबारा साइकिल देने की योजना शुरू की जाएगी।

यह भी पढ़ें- विपक्ष के प्रदर्शन पर केशव मौर्या का हमला, सपा पर लगाया दंगाइयों के साथ खड़े रहने का आरोप

साथ ही प्रदेश में बंद किए गए 26 हजार स्कूलों को फिर से खोलने का भी दावा किया। इस दौरान योगी सरकार की बुजुर्ग महिलाओं के लिए शुरू की गई ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ पर भी तंज कसते हुए कहा कि उनकी पार्टी की योजनाओं की जानकारी सरकार तक पहुंच रही है।

“हमें अपने ऑफिस को फुल शील्ड रखना होगा। हमारी योजनाएं वहां तक पहुंच रही हैं। मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि हम कुछ प्लानिंग करते हैं और सूचना लीक होकर वहां तक पहुंच जाती है। इसी का परिणाम है कि बुजुर्ग महिलाओं के लिए बस फ्री यात्रा कर दी गई है।”

यह भी पढ़ें- केशव मौर्या के सपा में टूट वाले बयान पर शिवपाल यादव का पलटवार, अपनी सीट भी नहीं जीत पाते तो कर नहीं पाएंगे कुछ