UP पंचायत उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट जारी कर स्वतंत्र देव ने कहा, प्रत्येक कार्यकर्ता खुद के प्रत्याशी मानकर लडे़ चुनाव

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता व प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल की उपस्थिति में पंचायत चुनाव से जुडे़ पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के बाद पहली सूची जारी की।

उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट जारी कर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सभी चुनाव महत्वपूर्ण होते है। इसलिए हमें पूरे मनोयोग से पार्टी की जीत के संकल्प के साथ पंचायत चुनाव में भी कार्य करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में युवा, महिला, पिछड़ा व अनुसूचित वर्ग की बैठक करना है। संगठन को चुनाव लड़ना है प्रत्येक कार्यकर्ता खुद के प्रत्याशी मानकर चुनाव लडे़। जिले के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारियों व प्रमुख नेता योजनापूर्वक पंचायत चुनाव में कार्य करें।

यह भी पढ़ें- मोदी व योगी सरकार ने की बुंदेलखंड के विकास की चिंता, सपा-बसपा सरकार में होती थी खुली लूट: स्वतंत्र देव

साथ ही कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सभी गांवों में प्रत्याशी का भ्रमण व सम्पर्क अभियान शुरू करने की योजना बनाएं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ग्राम बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं का सक्रिय रूप में पंचायत चुनाव में अपनी भूमिका का निर्वहन करना चाहिए। पंचायत चुनाव में पार्टी पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं को ग्राम स्तर तक जिम्मेदारी सौंपते हुए पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर बूथ स्तर पर बूथ अध्यक्ष व बूथ समिति के सदस्य निश्चित रूप से अपने घर पर पार्टी का झंडा लगाऐ व बूथों पर पार्टी का स्थापना दिवस मानाऐं। अपने घर पर पार्टी का झण्डा लगाएं साथ ही जिला व मण्डल स्तर पर भी पार्टी के स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करें। पंचायत चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक गांव के प्रत्येक घर में सम्पर्क करने के लिए घर-घर सम्पर्क की योजना बनाकर आम मतदाता तक सीधें पहुंचकर पार्टी को विजयी बनाने की अपील करें।

यह भी पढ़ें- हथकंडे अपनाकर मुद्दाविहीन विपक्ष कर रहा देश को कमजोर: स्‍वतंत्र देव