ठंड की दस्तक के साथ स्मॉग की चादर से घिरा लखनऊ

स्मॉग की चादर
रविवार को स्मॉग के चलते कुछ ऐसा दिखा हजरतगंज क्षेत्र का नजारा। (फोटो- आरयू)

आरयू संवाददाता, लखनऊ। ठंड की दस्तक व दिवाली के बाद राजधानी लखनऊ समेत आसपास के इलाके में रविवार को घना स्मॉग देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार सुबह पड़ने वाले कोहरे और दिवाली का धुआं समेत स्थानीय प्रदूषण ने मिलकर स्मॉग बना दिया। इससे आसमान में स्मॉग का असर साफ तौर पर आज देखा गया। स्मॉग के साथ बादल होने से सूरज की किरणों का असर लोगों तक ठीक से नहीं पहुंच सका, पूरे दिन धूप भी लखनऊ के अधिकतर स्‍थानों पर न के बराबर निकली।

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि इस दौरान नमी होने से प्रदूषक तत्वों ने कोहरे के साथ मिलकर स्मॉग बना दिया। इसमें स्थानीय प्रदूषण जिसमें कि दीपावली का धुआं भी शामिल हो सकता है, का असर भी देखा जा रहा है। अगले दो दिनों तक स्मॉग बना रह सकता है। धीरे-धीरे इसका प्रभाव कम होता जाएगा। दो दिन के बाद आसमान पुन: साफ हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- और बिगड़ी लखनऊ की हवा, AQI 371 पर पहुंचा, खस्ताहाल सड़कों से उड़ती धूल बनी प्रदूषण की वजह

दूसरी तरफ धीरे-धीरे सुबह-शाम सर्दी का असर भी बढ़ने लगा है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अगले एक हफ्ते तक अभी तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट के आसार नहीं हैं। यानि की बहुत अधिक सर्दी बढ़ने वाली नहीं है। मौसम विभाग 15 नवंबर तक तापमान में सिर्फ एक से दो डिग्री तक गिरावट का अनुमान लगा रहा है।

डा. जेपी गुप्ता ने बताया कि एक हफ्ते तक मौजूदा तापमान कायम रह सकता है। इसमें सिर्फ एक दो डिग्री का फर्क होने की उम्मीद है। वहीं अगले 10 दिनों तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। सुबह-शाम ठंडक होने के साथ कोहरे का असर भी बना रहेगा। दिन में धूप खिला करेगी।

यह भी पढ़ें- बैन के बावजूद जमकर आतिशबाजी से दिवाली पर दिल्ली-NCR की हवा हुई बेहद खतरनाक