अखिलेश का भाजपा पर हमला, कानून व संविधान को नहीं मानने वाले आज सत्ता में

पंडित सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर भाजपा सरकार हमलावर होते हुए कहा कि कानून और संविधान नहीं मानने वाले आज सत्ता में हैं। आज वही दिखाई दे रहा है। इस अन्याय और अत्याचार के खिलाफ समाजवादी लोग नहीं खड़े हुए तो अन्याय और बढेगा। समाजवादी पार्टी के लोगों को इस अन्याय, अत्याचार के मुकाबले के लिए खड़ा होना ही होगा।

अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार आंकड़ों को छिपाती है। अब तो कोरोना से हुई मौत के आंकड़े भी सामने आ गए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) ने दुनिया में कोरोना से हुई मौतों के जो आंकड़े जारी किये है। उसमें सबसे ज्यादा मौते भारत में हुई हैं। भारत सरकार इसे स्वीकार नहीं कर रही है। समाजवादियों ने देखा था कि किस तरह से उत्तर प्रदेश में मौतों का सिलसिला जारी था।

यह भी पढ़ें- सपा के पूर्व मंत्री पंडित सिंह भी हारे कोरोना से जिंदगी की जंग, लखनऊ के अस्‍पताल में ली अंतिम सांस

दरअसल सपा मुख्यालय पर आज पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पण्डित सिंह की प्रथम पुण्यतिथि मनायी गयी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंडित सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि स्वर्गीय पण्डित सिंह समाजवादी पार्टी के बहादुर और समर्पित नेता थे। वह ऐसे नेता थे जिन पर 100 फीसदी भरोसा किया जाता था। वह कार्यकर्ताओं के लिए लड़ने और कभी पीछे न हटने वाले नेता थे। पण्डित सिंह कोई भी फैसला लेते थे तो हमेशा पार्टी लीडरशिप को भरोसे में लेकर करते थे।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का भाजपा पर हमला, समाज में नफरत फैलाने वाले बिजली देने में नाकाम

आगे उन्होंने कहा विधान सभा 2022 के चुनाव परिणाम पर जनता भरोसा नहीं कर पा रही है। जनता ने समाजवादी पार्टी को बहुत वोट दिये। समाजवादी पार्टी को जनता ने जिताया, लेकिन सिस्टम ने भाजपा को जिताया है। समाजवादी पार्टी फिर उसी तरह से अन्याय के विरूद्ध लड़ेगी। भाजपा सरकार में महंगाई लगातार बढ़ रही है। बेरोजगारी बढ़ गयी हैं बुनियादी सवाल आज भी वही है। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। किसानों के साथ अन्याय जारी है।

इस अवसर पर राजेंद्र चौधरी, राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, नंदिता शुक्ला, डॉ. मधु गुप्ता, महफूज खां, आनन्द स्वरूप ‘पप्पू यादव‘ प्रदीप तिवारी, बैजनाथ दुबे, रमेश गौतम, राजेश दीक्षित, देवेन्द्र सिंह, जितेन्द्र नाथ ‘सप्पू‘ फहीम अहमद ‘पप्पू‘ मनोज चौबे व सिंद्धार्थ सिंह मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, कोरोना की पिछली लहर की भयावहता से योगी सरकार ने नहीं लिया कोई सबक