कुरुक्षेत्र की जनसभा में केजरीवाल ने कहा, मुझे काम करने आता है राजनीति नहीं

कुरुक्षेत्र

आरयू वेब टीम। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कुरुक्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में अपनी सरकार के कामकाज को लोगों के समक्ष रखा और साथ ही साथ कहा कि मुझे काम करने आता है राजनीति नहीं। भाजपा के पास बताने के लिए कोई काम नहीं है। पंजाब से उठा तूफान अब हरियाणा में आने वाला है।

अपने संबोधन में केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चे कमाल कर रहे हैं। हमने दिल्ली में शिक्षा की व्यवस्था को ठीक किया है। उन्होंने लोगों से कहा कि एक मौका दो, हम हरियाणा के स्कूलों को ठीक कर देंगे। हरियाणा में भी शिक्षा व्यवस्था ठीक करेंगे।

कुरुक्षेत्र की रैली में केजरीवाल ने कहा कि किसानों ने भाजपा का घमंड तोड़ दिया है। किसानों के आगे सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गुंडों का सम्मान करती है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी देश भक्तों और ईमानदार लोगों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि हम हवा में बातें नहीं करते हैं। आपको तय करना है कि आप दंगा वाला भारत चाहते हो या विकास वाला भारत।

हमने सात साल में दिल्ली के 12 लाख लोगों को नौकरी दी है। अगले पांच साल में 20 लाख लोगों को नौकरी देंगे। उन्होंने कहा कि मुझे सबसे अच्छा तब लगता है जब मुझे लोग “हरियाणे का लाल” बोलते हैं। हरियाणा मेरी जन्मभूमि है। जन्मभूमि का कर्जा आदमी सात जन्मों तक नहीं चुका सकता।

यह भी पढ़ें- जनसभा में कांग्रेस-BJP पर बरसे अरविंद केजरीवाल, कहा, इन्होंने हिमाचल को किया लूटने का काम

केजरीवाल ने आगे कहा कि त्रेतायुग में “रामचन्द्र जी” ने “रावण” का घमंड तोड़ा था। द्वापरयुग में “कृष्ण जी” ने “कंस” का घमंड तोड़ा था। कलयुग में “किसानों” ने “भाजपाइयों” का घमंड तोड़ा है। मैं सारे किसान भाइयों को बधाई देता हूं।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल के साथ सरकारी स्कूल का दौरा कर भगवंत मान ने कहा, शिक्षा हो रही बड़ी कंपनियों के सहयोग से डिजिटल