आरयू वेब टीम। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले दान चोरी को लेकर मोदी और योगी सरकार पर हमला किया। केजरीवाल ने इस मामले को संभालने के सरकार के तरीके पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि जब तक सरकार नहीं बदलेगी, तब तक कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिलेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर राजनीतिक फायदे के लिए सनातन का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। साथ ही ये दावा किया कि भाजपा नेता भगवान राम को सच में भगवान नहीं मानते, ये लोग राम को भगवान नहीं मानते; वरना वे चोरी नहीं करते। भगवान राम ने उन्हें सब कुछ दिया है। उन्होंने 21 राज्यों और केंद्र में सरकार बनाने में उनकी मदद की। उन्हें कम से कम जाकर भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहिए।
आप नेता ने ये भी आरोप लगाया कि “देश का हर सनातनी दुखी और परेशान है। अभी और भी बहुत कुछ सामने आना बाकी है। उन्होंने सनातन का इस्तेमाल सिर्फ सत्ता और पैसे के लिए किया है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी ही एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है जिसकी सनातन में “सच्ची आस्था” है।
केजरीवाल ने कहा, “सिर्फ आम आदमी पार्टी की ही सनातन में सच्ची आस्था है। हमने लोगों के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा का आयोजन किया। पंजाब में काली और लव-कुश को समर्पित एक मंदिर बनाया जा रहा है। हम भजन संध्याओं का आयोजन कर रहे हैं। हम लोगों को भ्रष्टाचार -मुक्त शासन दे रहे हैं। आम आदमी पार्टी ही देश की सच्ची सनातनी पार्टी है।
केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा और दावा किया कि प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से वे राम मंदिर नहीं गए हैं। केजरीवाल के अनुसार, प्राण -प्रतिष्ठा समारोह को लगभग ढाई साल बीत चुके हैं, लेकिन शाह इस दौरान मंदिर नहीं गए हैं। केजरीवाल ने कहा श्री राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को ढाई साल यानी कुल 891 दिन बीत चुके हैं। इन ढाई सालों में गृह मंत्री अमित शाह एक बार भी राम मंदिर नहीं गए। जिस व्यक्ति ने भगवान राम के नाम का सबसे जल्दा गलत इस्तेमाल किया है, वह राम मंदिर नहीं गया है।
यह भी पढ़ें- अयोध्या में बोले केजरीवाल, जो राम के ना हुए, वो राष्ट्र के क्या होंगे, चंदा चोर पार्टी का हो सामाजिक बहिष्कार
मैंने इंटरनेट पर देखा, चैट जीपीटी से पूछा, पत्रकारों से बात की और अमित शाह की टाइमलाइन देखी। उन्होंने अपने भाषणों और इंटरव्यू में 42 से ज्यादा बार राम मंदिर का जिक्र किया है और उसके नाम पर वोट मांगे हैं। उनके पास राम के नाम पर वोट मांगने का तो समय है, लेकिन मंदिर जाने का समय नहीं है। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से कई सवाल पूछे।
उन्होंने पूछा, अमित शाह से मेरे सवाल हैं। आप राम मंदिर क्यों नहीं गए? क्या आपका राम मंदिर जाने का मन नहीं करता? क्या आपको भगवान राम के आशीर्वाद की जरूरत नहीं है? क्या आप राम को भगवान नहीं मानते?” केजरीवाल ने शाह से मंदिर जाने का आग्रह भी किया और कहा, “मैं अमित शाह से अनुरोध करता हूं कि वे जरूर राम मंदिर जाएं।




















