आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर कार से टकरा गई और फिर नीचे गिर गई। जिससे कार में सवार में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि खंती में बस पलटने से बस में सवार दर्जन भर से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के के साथ ही मौके से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मिली जानकारी के मुताबिक उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देवखरी गांव के पास लखनऊ की ओर जा रही स्लीपर बस के ड्राइवर को झपकी आ गई। जिससे बस कंट्रोल से बाहर हो गई और डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ पहुंच गई। जहां बस एक अर्टिगा कार को टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कार में घायल हुए तीन लोगों को तत्काल बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
इसके अलावा बस में चोटिल हुए 17 से अधिक यात्रियों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने बताया कि संतकबीरनगर के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार में कुल आठ लोग सवार थे। इनमें से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान कार सवार धुनमुन (60), अंजू (40), दिव्या (छह), अमृता (13) और ड्राइवर विनोद (45) के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें- ट्रक के टकराने से स्लीपर बस में लगी आग, जलकर दस यात्रियों की दर्दनाक मौत, कई घायल
कार में सवार चार अन्य लोगों के अलावा बस में यात्रा कर रहे यात्री भी घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बांगरमऊ क्षेत्र के पुलिस सर्किल ऑफिसर हर्ष मोदी ने बताया कि शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि बस ड्राइवर को संभवतः झपकी आ गई जिसके कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।




















