पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पलटी तेज रफ्तार बस, 57 यात्री घायल

तेज रफ्तार बस
हादसे में बस के उड़े परखच्चे।

आरयू वेब टीम। सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार बड़ा सड़क हादसा हो गया। लुधियाना से आजमगढ़ जा रही एक लग्जरी बस धनपतगंज क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब सौ से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में करीब 57 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक के मौके से फरार होने की बात भी सामने आई है।

मिली जानकारी के मुताबिक ये आज सुबह करीब छह बजे धनपतगंज क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 108 के पास ये हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार में चल रही बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और पलट गई। बस पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। साथ ही पुलिस को इसकी सूचना दी।

बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक नहीं बल्कि कंडक्टर या खलासी बस चला रहा था, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। साथ ही बताया कि जब से कंडक्टर ने बस संभाली थी, तभी से बस सही तरीके से नहीं चल रही थी। इसके अलावा कुछ यात्रियों ने बस के ओवरलोड होने का भी आरोप लगाया।

एक यात्री के मुताबिक बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। यात्रा के दौरान एक बार बस का टायर पंचर भी हुआ था। यात्रियों का दावा है कि माइल स्टोन 108 से पहले चालक ने बस खलासी को चलाने के लिए दे दी और खुद पीछे जाकर सो गया। इसके बाद तेज रफ्तार में बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज मौके पर ही धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने किया।

वहीं 34 घायलों को कूरेभार अस्पताल भेजा गया। जिला प्रशासन के अनुसार 12 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कुछ अन्य गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भी भेजा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। एसडीएम बल्दीराय प्रवीण कुमार, सीओ आशुतोष और थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। अधिकारियों ने घायलों के समुचित इलाज का भरोसा दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-कार व ट्राले से टकराईं ट्रक, 11 की मौत

सीओ आशुतोष के मुताबिक शुरुआती जांच में बस के ओवरलोड होने और चालक को झपकी आने जैसी बातें सामने आई हैं। हालांकि यात्रियों के आरोपों के आधार पर खलासी द्वारा बस चलाने के एंगल की भी जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया जिसकी पुलिस तलाश में जुट गई है।

यह भी पढ़ें- मध्य-प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक-पिकअप को मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल