तेज रफ्तार पिकअप पलटने से पांच महिलाओं समेत 14 की मौत, 21 घायल, डिंडौरी में हुआ दर्दनाक हादसा

आरयू वेब टीम। मध्य प्रदेश के डिंडौरी में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जिले के बड़झर घाट पर एक पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 14 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए। घायलों का इलाज शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। हादसे के शिकार लोग एक गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा बिछिया चौका के पास हुआ। सभी यात्री पिकअप गाड़ी एमपी-20 जीबी-4146 में बैठे थे। तभी बड़झर के घाट में अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार पिकअप पलट गई। जिससे इलाके में चीख-पुकार मच गई।  सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

बताया जा रहा है कि सभी ग्रामीण देवरी गांव के हैं। हादसे में 14 मृतकों में नौ पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं, जबकि 21 घायलों में नौ पुरुष और 12 महिलाएं हैं। दो लोगों को जबलपुर रेफर किया गया था, उनमें से एक की रास्ते में मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- स्कूल वैन की कैंटर व रोडवेज बस से भीषण टक्कर, दो बच्चों समेत तीन की मौत, छह मासूम घायल

मृतकों में मदन सिंह (पिता बाबूलाल आर्मो, 45 वर्ष, निवासी अम्हाइ देवरी), पीतम (पिता गोविंद बरकड़े 16 वर्ष निवासी पोंडी माल), पुन्नू लाल (पिता राम लाल 55 वर्ष अम्हाइ देवरी), महदी बाई (पति विश्राम 35 वर्ष सजानिया जिला उमरिया), सेम बाई (पति रमेश 40 वर्ष अम्हाइ देवरी), लाल सिंह (पिता भानु 55 वर्ष अम्हाइ देवरी), मुलिया (पति ढोली 60 वर्ष अम्हाइ देवरी), तितरी बाई (पति कृपाल 50 वर्ष निवासी धमनी जिला उमरिया), सावित्री (पति नानसाय 55 वर्ष पोंडी जिला उमरिया), सरजू (पिता धनुआ 45 वर्ष अम्हाइ देवरी), सम्हर (पिता फगुआ 55 वर्ष पोंडी), महा सिंह (पिता सुखलाल 72 वर्ष पोंडी), लाल सिंह (पिता नानसाय 27 वर्ष पोंडी) किरपाल (पिता सुकाली 45 वर्ष अम्हाइ देवरी- रेफर के दौरान मौत) शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- मोहनलालगंज में तेज रफ्तार ट्रकों में भीषण भिड़त, वाहनों को काटकर निकाले गए दोनों ड्राइवर, एक की मौत