अखिलेश का PM मोदी पर तंज, काशी को क्योटो नहीं बना सकते तो कम से कम कर दें कुत्‍ता मुक्त

काशी
हाॅस्पिटल में सोते कुत्ते।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वाराणसी स्थित अस्पताल में फैली खराब व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाया है। मंगलवार को नरेंद्र मोदी पर तंज करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर वाराणसी को क्योटो नहीं बनाया जा सकता तो कम से कम इसे कुत्ता-मुक्त बना दें। साथ ही सपा मुखिया ने उत्तर प्रदेश के स्वास्थय मंत्री पर भी निशाना साधा है।

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल की तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें अस्पताल के अंदर कुत्तों को देखा जा सकता है। सपा सुप्रीमो ने कहा, ‘अगर आप इसे क्योटो नहीं बना सके तो कुकुरमुक्त (कुत्ता-मुक्त) ही कर दीजिए। कम से कम प्रधान संसदीय क्षेत्र के प्रधान अस्पताल को तो सुधरवा दीजिए।’

वहीं मोदी और योगी के संबंध पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, ‘अगर डबल इंजन में टकराहट नहीं है तो यूपी के मुख्यमंत्री से कहकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री (ब्रजेश पाठक) का कायदे से हालचाल पूछकर, इस दुर्गति के लिए उनका फ़ुल चेकअप और सही इलाज करवा दीजिए और हमेशा के लिए आराम करने के लिए घर भेज दीजिए। मतलब अस्पताल के पदभार से परमानेन्ट छुट्टी दिलवा दीजिए।’ अखिलेश यादव ने कहा, ‘कहीं ऐसा तो नहीं कि आपस में टकराते हुए डबल इंजन की कोई डबल चाल है, जो आपको बदनाम करना चाहती है।’

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक, इसमें नहीं है सभ्‍य लोग, ग्रीन कॉरिडोर के इंजीनियरों पर भी उठाया सवाल

अखिलेश यादव की पोस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा शुरू होने से कुछ घंटे पहले आई। प्रधानमंत्री वाराणसी में महिला सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही अपने संसदीय क्षेत्र में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

बता दें कि अखिलेश यादव 2014 में हुए उस समझौते का जिक्र कर रहे थे, जिसके तहत जापानी शहर क्योटो के अनुभव का उपयोग करते हुए वाराणसी का विकास किया जाना था।

यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण पर बोले अखिलेश, दरारवादी है भाजपा की राजनीति