अखिलेश ने कहा, “भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक, इसमें नहीं है सभ्‍य लोग, ग्रीन कॉरिडोर के इंजीनियरों पर भी उठाया सवाल”

अखिलेश
प्रेसवार्ता में अपनी योगी सरकार पर निशाना साधते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार को घेरा है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक और अमानवीय है। इस सरकार में सभ्य लोग नहीं हैं। साथ ही लखनऊ में एलडीए द्वारा बनाए जा रहे  ग्रीन कॉरिडोर को लेकर भी एक बार फिर योगी सरकार पर न सिफ निशाना साधा है, बल्कि इससे जुड़े इंजीनियरों की योग्‍यता पर भी सवाल उठाया है।

यह भी पढ़ें- सड़क धंसने पर बोले अखिलेश, ग्रीन कॉरिडोर में हुए भ्रष्‍टाचार ने उद्घाटन के फूल सूखने से पहले दिखा दिया अपना रंग

सपा मुखिया ने शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित एक प्रेसवार्ता में हाल की घटनाओं का जिक्र कर कहा कि गाजीपुर, से लेकर हाथरस और हरदोई तक बेटियों की हत्याएं हुई, उन्हें न्याय नहीं मिला। गाजीपुर की तरह ही हाथरस में बाल्मीकि समाज की बेटी को न्याय दिलाने के लिए भी दलों के लोग खड़े हुए, लेकिन इस सरकार ने न्याय नहीं दिया। भाजपा सरकार के लोगों ने दाह संस्कार के लिए परिवार को अंतिम संस्कार भी नहीं करने दिया। सनातन धर्म में अंतिम संस्कार के लिए कोई नहीं रोकता है, लेकिन भाजपा सरकार ने अंतिम संस्कार करने से भी रोक दिया। उत्तर प्रदेश में कई घटनाएं हुई है, पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला।

ग्रीन कॉरिडोर की डिजाइन इंजीनियरों ने नहीं…

इस दौरान अखिलेश ने हाल ही में बने ग्रीन कॉरिडोर का जिक्र कर कहा कि लखनऊ में ग्रीन कारिडोर पर सात हजार करोड़ खर्च हो गया, लेकिन हर चौराहे पर ट्रैफिक रुका रहता है। ग्रीन कारिडोर का मतलब है, यातायात कहीं न रूके। अखिलेश ने एलडीए के अधिकारी इंजीनियरों पर भी आज सवाल उठाते हुए कहा कि ग्रीन कारिडोर की डिजाइन ही खराब कर दी गयी है। साथ ही सपा सुप्रीमो ने योगी आदित्‍यनाथ पर भी तंज कसते हुए कहा कि लगता है कि ग्रीन कॉरिडोर की डिजाइन इंजीनियरों ने नहीं मुख्यमंत्री जी ने बनायी है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का ऐलान, सपा सरकार में मिलेगी महिलाओं को 40 हजार पेंशन, ग्रीन कॉरिडोर पर भी उठाया सवाल

योजना आने से पहले ही भाजपा के लोग ले लेते हैं जमीन

वहीं योगी सरकार में आ रही आवासीय योजनाओं पर भी आज अखिलेश ने सवाल उठाया है। सूबे के पूर्व सीएमने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार, चरम पर है। लखनऊ में भाजपा भूमाफिया बनकर काम कर रही हैं, कोई भी योजना आने के पहले भाजपा के लोग मिलकर पहले ही जमीनें ले लेते हैं। लखनऊ के सब तालाबों पर कब्जा हो गया है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। गुंडे और माफिया खुलेआम घूम रहे हैं। इन पर कब कार्रवाई होगी।

स्मार्ट मीटर से जनता को परेशान कर रही सरकार

वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के जरिए जनता को परेशान कर रही हैं, लूट कर रही है। स्मार्ट मीटर खरीद में ही बड़े पैमाने पर हेराफेरी हुई है। सरकार जनता की जेब काट रही है। जनता की जेब से पैसा निकालकर उद्योगपतियों की जेब में डाल रही है। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में बिजली का एक भी पावर प्लांट नहीं लगाया। जो सोलर प्लांट लगाया है वह सिर्फ अपने लोगों को लाभ दिलाने के लिए लगाया है। इसी तरह से सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट कर दिया है। सरकारी अस्पतालों, पीएचसी, सीएचसी में इलाज नहीं मिल रहा है। लीवर, किडनी और हार्ट के मरीजों को इलाज नहीं मिलता है।

यह भी पढ़ें- कमिश्‍नर रोशन जैकब के औचक निरीक्षण में सुस्‍त मिला ग्रीन कॉरिडोर व PMAY का काम, दो ठेकेदारों पर लगा जुर्माना, EE की रोकी सैलरी

…डॉक्टर और सुविधाएं नहीं

पूर्व सीएम ने आगे कहा कि समाजवादी सरकार ने कैंसर का रिसर्च इंस्टीट्यूट बनाया था, ऐसा रिसर्च इंस्टीट्यूट दिल्ली में भी नहीं है। इस सरकार ने खराब कर दिया है। वहां डॉक्टर और सुविधाएं नहीं है। सरकार संस्थानों में डायरेक्टर, इलाज और सुविधाओं के लिए नहीं अपने राजनीतिक लाभ के लिए बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार आयेगी तभी बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार होगा।

यह भी पढ़ें- 13 मार्च को होगा बहुप्रतीक्षित ग्रीन कॉरिडोर फेज-टू का उद्घाटन, मिट्टी खिसकने की बात भी आयी सामने

महिला आरक्षण पर झूठा प्रचार कर रही भाजपा

वहीं हमला जारी रखते हुए सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा पीडीए का हक छीनना चाहती है। महिला आरक्षण पर भाजपा के मन में खोट है। वह महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहती है। भाजपा महिला आरक्षण पर झूठा प्रचार कर रही है। महिलाओं को आरक्षण के साथ संरक्षण की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- जन आक्रोश महिला पदयात्रा में प्रदर्शन कर CM योगी ने कहा, ये ताकत कांग्रेस-सपाई को एहसास कराएगी गलती