राघव चड्ढा ने AAP से दिया इस्तीफा, सात सांसदों के साथ भाजपा में जाने का किया ऐलान

राघव चड्ढा
प्रेसवार्ता में बोलते राघव चड्ढा।

आरयू वेब टीम। आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा है। काफी समय से आप की नीतियों से अलग चल रहे राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आखिरकार दो अन्य सांसदों के साथ न सिर्फ पार्टी छोड़ने का बल्कि भाजपा में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। राघव चड्ढा के साथ राज्यसभा सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी आप से अलग हो गए हैं। तीनों नेताओं ने आप के दो-तिहाई यानी सात सांसदों के साथ भाजपा में शामिल होने की घोषणा की है।

दिलचस्प बात ये है कि केजरीवाल ने 15 दिन पहले राघव चड्ढा को हटाकर जिन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर बनाया था, वह अशोक मित्तल भी अब भाजपाई होने जा रहे हैं। इसकी जानकारी प्रेसवार्ता के माध्यम से देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाएं है। साथ ही कहा कि आप अपने मूल सिद्धांतों से पूरी तरह भटक गई है। उन्होंने कहा कि जिस आप को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा, वह अपने मार्ग से भटक गई है। अब यह देशहित के लिए नहीं बल्कि अपने निजी फायदों के लिए काम कर रही है।

साथ ही कहा कि पार्टी को दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों में विस्तार देने के लिए सभी नेताओं ने मिलकर कड़ी मेहनत की थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। मैं आप से दूर जा रहा हूं और जनता के पास आ रहा हूं। भाजपा में शामिल होने के फैसले पर राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना कर कहा कि पिछले 12 सालों में केंद्र सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए हैं, जिन फैसलों को लेने से पहले कई नेता डरते थे। जनता ने इस नेतृत्व पर तीन बार मुहर लगाई है और अब हम भी उसी नेतृत्व में देश के लिए काम करेंगे।

राघव चड्ढा ने आगे कहा कि राज्यसभा में आप के 10 सांसद हैं और दो-तिहाई से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं। उन्होंने पहले ही हस्ताक्षर कर दिए हैं, और आज सुबह हमने सभी जरूरी दस्तावेज, जिनमें हस्ताक्षरित पत्र और अन्य औपचारिक कागजात शामिल हैं, राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए हैं। जैसा कि मैंने बताया, दो-तिहाई से ज्यादा सांसद हमारा समर्थन कर रहे हैं और हम जल्द ही आपको पूरी सूची उपलब्ध करा देंगे।

यह भी पढ़ें- बागी राघव चड्ढा को संजय सिंह का जवाब, वोट का अधिकार छीनने और चुनाव आयोग के दुरुपयोग पर नहीं बोला एक शब्‍द

साथ ही कहा कि उनमें से तीन सांसद अभी आपके सामने यहां मौजूद हैं। इनके अलावा, विश्व-स्तरीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से उन्हें लग रहा था कि वह गलत पार्टी में सही व्यक्ति हैं। इसी वजह से उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला लिया है।

बता दें कि आप के पास राज्यसभा में दस सांसद हैं। इनमें सात पंजाब से और तीन दिल्ली से सांसद हैं। ताजा इस्तीफा होने के बाद अब आप के पास राज्यसभा में सिर्फ तीन सांसद रह जाएंगे। इनमें संजय सिंह (दिल्ली), एनडी गुप्ता (दिल्ली) और जल कार्यकर्ता बलबीर सिंह सिच्चेवाल (पंजाब) हैं।

यह भी पढ़ें- AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED की रेड, राघव चड्ढा की जगह मिली थी जिम्मेदारी