आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर अपनी पार्टी की रणनीति को लेकर बड़ा दावा किया है। सांसद संजय सिंह ने कहा कि इस बार के चुनाव में उनकी पार्टी 349 सीटों पर चुनाव लड़ने की गलती नहीं दोहराएगी। साथ ही कहा कि हम सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए नहीं बल्कि जिन भी सीटों पर लड़ेंगे मजबूती से लड़ेंगे।
यही पढ़ें- संजय सिंह का भाजपा पर हमला, पूछा चंपत राय व अनिल मिश्रा की क्यों नहीं हुई गिरफ्तारी
लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सिंह ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में आप ने उत्तर प्रदेश की 349 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन परिणाम पार्टी के पक्ष में नहीं आए। उस चुनाव में आप को एक प्रतिशत से भी कम वोट शेयर मिला था। अब पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए आप का जोर सीटों की संख्या बढ़ाने के बजाय मजबूत चुनावी तैयारी पर रहेगा।
दस चेयरमैन भी गए चुने
संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पालिका चुनाव में
आप ने लगभग 250 से 300 सभासद और पार्षद जीते हैं। इसके अलावा पार्टी के दस चेयरमैन भी चुने गए हैं। साथ ही उन्होंने रामपुर और बरसाना जैसे नगर निकायों में आप के चेयरमैन होने का भी उल्लेख कर कहा कि नगर निकाय चुनावों के बाद से उत्तर प्रदेश में पार्टी की सक्रियता बनी हुई है।
मजबूती से लड़ने की कोशिश करेगी आप
वहीं इस सवाल पर कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी, इस पर संजय सिंह ने कहा कि पार्टी इस बार केवल चुनाव लड़ने के लिए मैदान में नहीं उतरेगी। इस बार जहां भी पार्टी चुनाव लड़ेगी, वहां मजबूती से लड़ने की कोशिश करेगी।
कांग्रेस की सीटों की मांग पर कसा तंज
इस दौरान संजय सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चा पर भी अपनी राय रखी। साथ ही कांग्रेस की ओर से 150 से 200 सीटों की मांग को गलत बताया। जबकि कांग्रेस की सीटों की मांग पर तंज कसते हुए संजय सिंह ने कहा कि अगर दो सीटें जीतने के बाद कांग्रेस 200 सीटों की मांग कर रही है, तो अगर उसने समाजवादी पार्टी की तरह 111 सीटें जीती होतीं, तब वह कितनी सीटों की मांग करती। उन्होंने इसी संदर्भ में कहा कि उस हिसाब से कांग्रेस 1,000 सीटों की मांग करती। संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस को 200 सीटों के बजाय ऐसी मांग करनी चाहिए, जो परिस्थितियों के हिसाब से उचित लगे।




















