AAP सांसद संजय सिंह का लखनऊ में रोड शो, यूपी को लेकर बताई रणनीति, सीएम योगी पर भी साधा निशाना

संजय सिंह ने रोड़ शो
लोगों का अभिवाद स्वीकारते संजय सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी दिल्ली में लगातार दूसरी बार प्रचंड जीत से काफी उत्साहित है, जिसके बाद अब आप यूपी में अपनी जमीन तैयार करने में जुट गई है। इसी क्रम में रविवार को राजधानी लखनऊ में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रोड़ शो किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर पार्टी के लिए जिंदाबाद के नारे लगाए।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए संजय सिंह ने योगी सरकार को निशाने पर लिया। आप नेता ने कहा कि सीएम  योगी ने उत्तर प्रदेश को रोगी बना दिया है। हम लोग आगे की रणनीति पर काम कर रहे हैं। दिल्ली चुनावों में जीत के बाद हम उत्तर प्रदेश में भी पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेंगे। हम अपने तमाम कार्यकर्ताओं को यूपी में मजबूती देंगे। साथ ही आम आदमी पार्टी लगातार जमीन पर उत्तर प्रदेश में काम करती रहेगी।

यह भी पढ़ें- 62 सीटों की प्रचंड बहुमत के साथ दिल्‍ली में AAP के केजरीवाल की हैट्रिक, आठ सीटों पर सिमटी बीजेपी, कांग्रेस का फिर नहीं खुला खाता

साथ ही ये भी कहा कि हम उत्तर प्रदेश में बहुत तेजी के साथ काम करेंगे। हमारी दिल्ली सरकार का रोड मैप पूरा देश एकसेप्ट कर रहा और हम पूरे दम से यूपी में चुनाव लड़ेंगे। उन्‍होंने बताया कि दिल्ली में चुनाव जीते आम आदमी पार्टी के 15 विधायक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और वह प्रदेश में पार्टी की जमीन तैयार करेंगे। इन विधायकों को चुनाव में खास जिम्मेदारी दी जाएगी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय कोर मुद्दों पर काम किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को दिल्ली के विकास मॉडल की जानकारी देंगे। अपनी योजनाओं के बारे में बताएंगे। इतना ही नहीं आप प्रदेश में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान शुरू करेगी।

वहीं गांधी भवन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आज संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी के यूपी में जिला पंचायत चुनाव लड़ने का ऐलान किया। साथ ही उन्‍होंने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश अब पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है, उन्होंने लक्ष्य तय करते हुए कहा कि 25 लाख सदस्य उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी को बनाने हैं, साथ ही अगले एक महीने में उत्तर प्रदेश की हर विधानसभा में पांच हजार पोस्टर लगेंगे, अगले 90 दिनों में यूपी के लगभग 1,07, 000 गांवों में कार्यकर्ता जाकर आम आदमी पार्टी की प्राथमिकताओं और राजनीतिक सोंच बताने के साथ ही जनता की राय भी जनेंगे।

बता दें कि संजय सिंह का रोड शो शहर के कई कोनो से होता हुआ गुजरा, रोड शो में आप के प्रदेश अध्‍यक्ष सभाजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्‍ता वैभव महेश्‍वरी समेत आप के तमाम नेता व बड़ी संख्‍या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहें। इस दौरान राज्य सभा सांसद संजय सिंह का चारबाग रेलवे स्टेशन से गांधी भवन कैसरबाग तक जोरदार स्वागत हुआ।

यह भी पढ़ें- वोट देकर दिल्‍ली की जनता ने कहा, …लगो रहो केजरीवाल, ये है दस कारण जिसने देश की राजधानी में लहराया AAP का परचम