चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ हुआ रौद्र, कई ट्रेनें रद्द, कुछ का बदला रूट

चक्रवाती तूफान
प्रतीकात्‍मक फोटो।

आरयू वेब टीम। बंगाल की खाड़ी में बने ‘अर्णब’ पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर रौद्र रूप धारण कर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इस तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह यनम के पास आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। आपदा प्रबंधन विभाग ने आंध्र प्रदेश में 27 और 28 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान जताया है। रेलवे ने भी एहतियात के तौर पर कई ट्रेनों को रद्द करने और कुछ के रूट बदलने का फैसला किया है।

आइएमडी के मुताबिक, चक्रवात के आज शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को तूफान बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के नजदीक आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान इसके अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान की श्रेणी में बने रहने का अनुमान है।

140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

चक्रवात के तट से टकराने के दौरान अधिकतम निरंतर हवा की गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। तेज झोंकों के साथ हवा की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

ओडिशा के छह जिलों में अलर्ट

चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने छह जिलों में अलर्ट जारी किया है। इनमें गंजाम, गजपति, रायगड़ा, मलकानगिरी, कोरापुट और नबरंगपुर शामिल हैं। तैयारियों की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री ने आठ मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। संवेदनशील क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF), अग्निशमन विभाग और पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

ओडिशा में 225 दमकल टीमें और NDRF की टुकड़ियां तैनात

आपात स्थिति से निपटने के लिए ओडिशा के संवेदनशील जिलों में 225 दमकल सेवा टीमों और NDRF की टुकड़ियों को तैनात किया गया है। गंजाम जिला प्रशासन ने चक्रवात के खतरे को देखते हुए आज से 29 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण के लिए घर-घर सूखा राशन पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं राज्य परिवहन प्राधिकरण ने तटीय मार्गों पर सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि 30 अक्टूबर से बारिश में कमी आने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश, यूपी समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना

चक्रवात ‘अर्णब’ का असर तटीय राज्यों तक सीमित रहने की आशंका नहीं है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई क्षेत्रों में बारिश का अनुमान जताया है। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिमी मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में 28 से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है। वहीं, चक्रवाती तूफान के शक्तिशाली होने के बाद तमिलनाडु और पुडुचेरी के नौ बंदरगाहों पर भी अलर्ट जारी किया गया है।

चक्रवात के कारण 60 से ज्यादा ट्रेनें रद्द

चक्रवाती तूफान के संभावित खतरे को देखते हुए रेलवे ने चार नवंबर तक 60 से अधिक ट्रेनों को रद्द करने और कुछ अन्य ट्रेनों के परिचालन में बदलाव करने का फैसला किया है। आज और कल के लिए 53 ट्रेनें रद्द की गई हैं। रेलवे की जारी सूची के अनुसार, राजमुंदरी से विजयवाड़ा के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 67261 को 28 अक्टूबर तक के लिए रद्द किया गया है। इसी तरह विजयवाड़ा से मछलीपट्टनम के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 67263 और 67265 भी दोनों दिन नहीं चलेंगी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज-वाराणसी समेत UP के कई जिलों में होगी बारिश, बुधवार से बिगड़ेगा मौसम

मछलीपट्टनम से विजयवाड़ा जाने वाली ट्रेन संख्या 67264 और 67256 को भी आज से 28 अक्टूबर के लिए रद्द किया गया है। मछलीपट्टनम और गुडीवाड़ा के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 67271, 67272, 67252, 67253, 67254 और 67255 का परिचालन भी दोनों दिन बंद रहेगा। काकीनाडा पोर्ट से विशाखापत्तनम जाने वाली ट्रेन संख्या 17267 और विशाखापत्तनम से काकीनाडा पोर्ट आने वाली ट्रेन संख्या 17268 को 27 और 28 अक्टूबर के लिए रद्द किया गया है। पार्वतीपुरम से विशाखापत्तनम जाने वाली ट्रेन संख्या 07267 और वापसी की ट्रेन संख्या 07268 भी दोनों दिन नहीं चलेंगी।

कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

28 अक्टूबर को विजयवाड़ा से भीमावरम जंक्शन जाने वाली ट्रेन संख्या 67275 और 67281, भीमावरम से निदादावोलु जंक्शन जाने वाली ट्रेन संख्या 67277 और 67283 तथा वापसी की ट्रेन संख्या 67278 और 67284 रद्द रहेंगी। साथ ही विजयवाड़ा से गुंटूर जंक्शन जाने वाली ट्रेन संख्या 67229, गुंटूर से रेपल्ले जाने वाली ट्रेन संख्या 67223, रेपल्ले से तेनाली जाने वाली ट्रेन संख्या 67224 और तेनाली से विजयवाड़ा जाने वाली ट्रेन संख्या 67222 भी रद्द की गई हैं। इसके अलावा नरसापुर से विजयवाड़ा जाने वाली ट्रेन संख्या 17270 और काकीनाडा पोर्ट से विजयवाड़ा जाने वाली ट्रेन संख्या 17258 भी बुधवार को नहीं चलेंगी।

इन ट्रेनों के मार्ग में बदलाव

चक्रवात ‘अर्णब’ के मद्देनजर कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। भुवनेश्वर से जगदलपुर जाने वाली हीराखंड एक्सप्रेस (18447) आज से 30 अक्टूबर तक रायगढ़ से ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। वहीं जगदलपुर से भुवनेश्वर जाने वाली हीराखंड एक्सप्रेस (18448) की सेवा 28 से 31 अक्टूबर के बीच कोरापुट के बजाय रायगढ़ से शुरू होगी।

रेलवे ने बनाए कंट्रोल रूम

साउथ कोस्ट रेलवे ने चौबीसों घंटे संचालित होने वाले कंट्रोल रूम और स्टेशन हेल्प डेस्क बनाए हैं। यहां यात्रियों के लिए रिफंड, भोजन, बैकअप बिजली और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई है। साथ ही रेलवे ने जोनल और मंडल मुख्यालयों में भी 24 घंटे काम करने वाले वॉर रूम बनाए हैं। जहां चक्रवात के कारण रेल परिचालन में किसी तरह की बाधा आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

यात्री जांचे ट्रेनों की स्थिति

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। यात्रियों को आधिकारिक रेलवे पूछताछ माध्यमों से जानकारी प्राप्त करने और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। रेलवे ने ट्रेनें रद्द होने के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी जताया है।

एडवाइजरी जारी

ओडिशा सरकार ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने निर्देश दिया है कि चक्रवात से संबंधित जानकारी केवल IMD, विशेष राहत आयुक्त और अधिकृत जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर ही प्रसारित की जाए। एडवाइजरी में असत्यापित पूर्वानुमान, काल्पनिक ट्रैक मॉडल और दहशत फैलाने वाली खबरों के प्रसारण पर सख्त रोक लगाने की बात कही गई है।

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में गहराया चक्रवाती तूफान का खतरा, सात राज्यों में बदलेगा मौसम, चेतावनी जारी