जनसभा को संबोधित कर प्रधानमंत्री ने कहा, पहले चरण के मतदान ने कर दिया भाजपा की विजय का शंखनाद

प्रधानमंत्री
जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री।

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दमदम पहुंचे। जहां जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि लंबे समय से बदलाव की जो लहर दिख रही थी, उस पर कल पहले चरण के मतदान ने मुहर लगा दी है। साथ ही कहा कि कल भाजपा के पक्ष में जो समर्थन दिखा है, उसने भाजपा की विजय का शंखनाद कर दिया है।

मोदी ने कहा कि “जिस बंगाल में टीएमसी ने लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था, अपनी तानाशाही से लोकतंत्र मंदिर को खंडित कर दिया था, उस बंगाल में पहले चरण में जनता ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है। अब दूसरे चरण में लोकतंत्र के मंदिर में आप लोगों को विजय ध्वज फहराना है।” पीएम ने कहा कि अब टीएमसी बहुत बुरी तरह बौखला गई है। कल रात टीएमसी अपने लोगों को कह रही थी मैदान में आओ।

प्रधानमंत्री ने बंगाल की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की, “मत भूलिए ये क्रांति की धरती है, ये वीरों की धरती है। हर बुझता हुआ दीपक थोड़ा फड़फड़ाता है। वही टीएमसी का दीया बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ा रहा है। चार मई को रिजल्ट आने के बाद टीएमसी के गुंडों को छुपने की जगह नहीं मिलेगी। उन्हें कोई बचाने वाला नहीं मिलेगा। पहले चरण के मतदान ने टीएमसी के अंत का उद्घोष कर दिया है।”

दमदम के अलावा पीएम मोदी पानिहाटी पहुँचे। पानिहाटी में उन्होंने आरजी कर रेप पीड़िता की माँ रत्ना देबनाथ के लिए चुनावी रैली की। बीजेपी ने उन्हें पानिहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया है। रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद साफ हो गया है कि इस बार पश्चिम बंगाल में टीएमसी की हार तय है। टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए मोदी ने कहा, “जिस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया और उसकी बेटी को टीएमसी के महाजंगलराज ने छीन लिया, भाजपा ने उस मां को अपना उम्मीदवार बनाया है।”

यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण चर्चा पर पीएम मोदी ने कहा, जो आज विरोध करेंगे उसको लंबे समय तक चुकानी पड़ेगी कीमत

उन्होंने कहा कि जब बंगाल की बेटियां न्याय मांगती हैं तो टीएमसी की निर्मम सरकार बेटियों को एक ही बात कहती है कि रेप से बचना है, जिंदा रहना है तो घर से बाहर ही न निकलो। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया, “ये नहीं चाहते बेटियाँ खुले में घूमें और खुले आसमान के सपने देखें। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि बीजेपी बेटियों के सपनों को नहीं कुचलने देगी।” रैली में एक बहन ने उन्हें राखी बांधी तो पीएम ने कहा, “बंगाल की बहनों को उनका ये भाई भरोसा देता है कि बहनों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि होगी।

यह भी पढ़ें- कटवा रैली में बोले PM मोदी, 15 सालों में जनता की गाढ़ी कमाई को टीएमसी सरकार ने लूटा