“जन आक्रोश महिला पदयात्रा” में प्रदर्शन कर CM योगी ने कहा, ये ताकत कांग्रेस-सपाई को एहसास कराएगी गलती

जन आक्रोश महिला पदयात्रा
पदयात्रा में शामिल सीएम व डिप्टी सीएम व अन्य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। संसद में महिला आरक्षण संशोधन बिल गिरने के विरोध में मंगलवार को भाजपा और एनडीए की महिला कार्यकर्ता लखनऊ की सड़कों पर उतरीं। मुख्यमंत्री आवास से विधानभवन तक निकले इस मार्च का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने किया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं की ये ताकत कांग्रेस और सपाई को एहसास दिला देगी कि उन्होंने कितनी बड़ी गलती की है।

सीएम योगी ने जन आक्रोश महिला पदयात्रा में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के नए संशोधन को बाधित करने और सदन में उस प्रस्ताव को गिराने के खिलाफ देशभर में जो आक्रोश रैली निकल रही है। उसी कड़ी में ये आक्रोश रैली मंगलावर को उत्तर प्रदेश में भी निकाली गई। जिसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके और इंडी गठबंधन के उन सभी सहयोगियों का विरोध करने के लिए मातृशक्ति की ओर से यह प्रदर्शन किया गया।

योगी ने कहा कि इनके सामने प्रधानमंत्री मोदी ने जो विकल्प दिया था अपनी महिला विरोधी छवि को समाप्त करने के लिए, उसका इन्होंने नाजायज दुरुपयोग करने का प्रयास किया है। इसीलिए देशभर में आधी आबादी कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ सड़कों पर आंदोलन कर रहा है। पिछले 11-12 वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर जो परिवर्तन देखने को मिला है, उसमें उन्होंने सदैव इस बारे में कहा है कि देश के अंदर केवल चार जातियां हैं। उनमें पहली जाति है महिला की, दूसरी जाति है गरीब की, तीसरी जाति है युवा की और चौथी जाति है किसान की और उन्होंने सभी नीतियों को इन्हीं चार के इर्द-गिर्द केंद्रित करते हुए देश को आज आर्थिक उन्नति के एक नए सोपान तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त की है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश के अंदर इंफ्रास्ट्रक्चर के इस नए युग का कार्य हो या फिर देश के अंदर समाज के अलग-अलग तबके के उत्थान के लिए चलने वाली योजनाएं। इन सबका केंद्र बिंदु आधी आबादी नारी शक्ति है। जिसके सम्मान, जिसकी सुरक्षा और जिसके स्वावलंबन के लिए अनेक कार्यक्रम चले हैं। वहीं आक्रोश रैली के दौरान एक किलोमीटर लंबा तिरंगा लिए महिलाएं चल रही थी। ये तिरंगा विरोध प्रदर्शन के साथ साथ धूप से भी बचाने का काम कर रही थी। रैली का समापन विधानसभा भवन के पास ही पानी, चिकित्सा और भोजन की व्यवस्थाओं से मदद की गई।

यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण बिल पर CM योगी ने कहा, ये देश के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय

दरअसल आज सुबह से ही महिलाएं पांच कालिदास मार्ग पर इक्कठा होने लगी थी। यहां बने मंच पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से और भाजपा के बड़े नेता बैठे हुए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, मंत्री आशीष पटेल, मंत्री ओमप्रकाश राजभर मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण कानून में परिसीमन जोड़ना NRC लागू करने की बड़ी साजिश: ममता बनर्जी