अनंत नगर में वन एंड टू BHK के 1392 फ्लैट्स बनाएगा एलडीए, अपार्टमेंट का नाम रखा ‘अदिति’

आदिति अपार्टमेंट
एलडीए के अनुसार कुछ इस तरह नजर आयेगा आदिति अपार्टमेंट।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ में एलडीए एक और अपार्टमेंट बनाने जा रहा। इस अपार्टमेंट में वन और टू बीएचके के कुल 1392 फ्लैट्स होंगे। अनंत नगर योजना में बनने वाले इस पहले अपार्टमेंट का नाम भी एलडीए ने फाइनल करते हुए ‘अदिति’ रखा है। हालांकि अभी इन फ्लैट्स के दाम प्राधिकरण नहीं फाइनल कर सका है। करीब ढाई सौ करोड़ में तैयार होनी वाली इस ग्रुप हाउसिंग में 15 से 25 लाख तक के फ्लैट होने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- गोमती नगर विस्‍तार में सिर्फ करोड़पतियों के लिए 300 फ्लैट बनाएगा एलडीए, गरीब तो दूर मीडिल क्‍लास को भी नहीं मिलेगी नर्मदा अपार्टमेंट में इंट्री

बुधवार को अदिति अपार्टमेंट के बारे में एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने एक बयान जारी करते हुए मीडिया को बताया कि अनंत नगर के आदर्श खंड में 18,411 वर्गमीटर के ग्रुप हाउसिंग प्‍लॉट पर अदिति अपार्टमेंट बनेगा। यह परियोजना विभिन्न आय वर्ग के परिवारों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गयी है। इसमें वन बीएचके के 412 फ्लैट होंगे, प्रत्येक फ्लैट 38.25 वर्गमीटर  का होगा। साथ ही 50.10 वर्गमीटर वाले टू बीएचके के 980 फ्लैट बनेंगे। इस ग्रुप हाउसिंग में बेसमेंट एवं स्टिल्ट पार्किंग होगी, जिसमें 545 कार पार्क हो सकेंगी।

यह भी पढ़ें- एलडीए अफसरों की गुड लिस्‍ट में शामिल जनेश्‍वर एनक्‍लेव अपार्टमेंट में भी समस्‍याओं का अंबार, परेशान आवंटियों ने की उपाध्‍यक्ष से शिकायत

अपार्टमेंट में होंगे पांच टावर, 7500 वर्गमीटर में छायेगी हरियाली

प्रथमेश कुमार ने बताया कि अदिति अपार्टमेंट में कुल पांच टावर होंगे। वहीं, लगभग 7,500 वर्गमीटर में पार्क व ग्रीन बेल्ट विकसित किया जाएगा। अपार्टमेंट को इस तरह डिजाइन किया गया है, जिससे अधिकांश फ्लैटों से लोगों को हरियाली दिखाई दे। वीसी ने यह भी कहा कि यह ग्रुप हाउसिंग पूरी तरह हरियाली से घिरी होगी और यहां रहने वाले लोगों को बेहतर वातावरण का अनुभव होगा।

यह भी पढ़ें- एलडीए की बहुचर्चित ‘हरियाली’ पर कमिश्‍नर की नजर, तलब किया पार्कों की आमदनी-खर्चों की डिटेल, सुधर सकते हैं हालात

एक फ्लैट में होगी तीन बालकनी

वहीं एलडीए के चीफ इंजीनियर मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि अपार्टमेंट में वन बीएचके के फ्लैट में दो और टू बीएचके फ्लैट में तीन बालकनी दी जाएंगी। यह परियोजना पूरी तरह आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस होगी। जिसमें हाई स्पीड लिफ्ट, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, पावर बैकअप, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कम्यूनिटी स्पेस, पेडेस्ट्रियन पाथ-वे आदि सुविधाएं शामिल होंगी। जल्द ही इस परियोजना के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- LDA ऑफिस में ही उड़ी ई-टेंडर की धज्जियां, तबादले के बाद भी जमे बेखौफ इंजीनियर बिना निविदा ही नई बिल्डिंग में करा रहें साढ़े चार करोड़ का रेनोवेशन