दीवाली से खुलेगा दो सौ करोड़ की लागत वाला लखनऊ का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर, डालीगंज से पक्का पुल पहुंचने में लगेंगे दो मिनट, एलडीए ने किया दावा

सबसे ऊंचा फ्लाईओवर
इंजनियरों को निर्देश देते प्रथमेश कुमार।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। डालीगंज से पक्‍का पुल तक का सफर करना अगले महीने से आपके लिये बिल्‍कुल आसान हो जायेगा। ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत करीब दो सौ करोड़ की लागत से बन रहा लखनऊ का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर इस दीवाली (आठ नवंबर) से पहले चालू हो जाएगा। लगभग एक किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के चलते डालीगंज से पक्का पुल तक का सफर बाइक व कार से महज दो मिनट में पूरा होगा। यह दावा मंगलवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से किया गया है।

यह भी पढ़ें- GoodNews: आखिरकार खुल गया ग्रीन कॉरिडोर का दूसरा फेज, 15 मिनट में समता मूलक से पहुंचेंगे डालीगंज, रक्षामंत्री व सीएम ने किया उद्घाटन, कहीं ये बातें

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आज ग्रीन कॉरिडोर का अपनी टीम के साथ निरीक्षण करते हुए जरूरी निर्देश दिये है। वीसी ने एक बयान जारी करते हुए मीडिया से कहा है कि पक्का पुल (हर्डिंग ब्रिज) से डालीगंज रोटरी के मध्य बना यह 2-लेन फ्लाईओवर 1.1 किलोमीटर लंबा है। रेलवे ब्रिज के ऊपर बने इस फ्लाईओवर की जमीन से ऊंचाई लगभग 25 मीटर है। फ्लाईओवर के स्ट्रक्चर का निर्माण पूरा हो चुका है और मौके पर डामरीकरण व स्ट्रीट लाइट्स लगाने का काम चल रहा। अक्‍टूबर के आखिर तक सभी काम पूरे कराकर फ्लाईओवर को दिवाली से पहले चालू करने की योजना है। इससे पुराने लखनऊ की करीब दस लाख की आबादी को फायदा मिलेगा।

टीले वाली मस्जिद के पास बनेगी रोटरी

उपाध्‍यक्ष ने कहा कि फ्लाईओवर पर चढ़ने व उतरने वाले ट्रैफिक को सुरक्षित और सुगम रास्ता देने के लिए इंटीग्रेटेड रोटरी बनायी जाएगी। इसके अंतर्गत टीले वाली मस्जिद के पास एक रोटरी बनेगी। वहीं, मरी माता मंदिर के पास पूर्व निर्मित रोटरी को री-मॉडल करके वाहनों के लिए 4-लेन पैसेज तैयार किया जाएगा।

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आईआईटी बीएचयू वाराणसी व वीएनआईटी नागपुर की संयुक्त टीम द्वारा सर्वे कराकर इंटीग्रेटेड रोटरी की ड्राइंग तैयार करायी गयी है।

पक्का पुल पर वाहनों की नो इंट्री

प्रथमेश कुमार ने आज यह भी कहा कि सेतु निगम पक्का पुल के पास गोमती नदी पर नया ब्रिज बना जा रहा। इस ब्रिज के चालू होने के बाद पक्का पुल पर वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पक्का पुल को पैदल यात्रियों के लिए पेडेस्ट्रियन ब्रिज के रूप में उपयोग में लाने का प्रस्ताव है।

यह भी पढ़ें- 13 मार्च को होगा बहुप्रतीक्षित ग्रीन कॉरिडोर फेज-टू का उद्घाटन, मिट्टी खिसकने की बात भी आयी सामने

निरीक्षण के दौरान में ग्रीन कॉरिडोर के लिये बनाई गयी पीआईयू सेल के प्रभारी व रिटायर इंजीनियर ए.के. सिंह सेंगर, जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार, मनोज सागर, एई अतुल मिश्रा व गौरव सिंह समेत अन्य अभियंताओं के अलावा स्‍मारक समिति और प्राइवेट कंपनियों के कर्मी भी मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- नगर निगम क्षेत्र में घुस अब बेहिसाब काम नहीं कराएगा LDA, गोमतीनगर के टेंडर से लिया सबक, निविदाओं की होगी GIS टैगिंग