UP में 18.84 लाख मतदाता बढ़े, चुनाव आयोग ने जारी किया ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

चुनाव आयोग

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को प्रदेश की आलेख्य मतदाता लिस्‍ट जारी कर दी गई है। नई लिस्‍ट में प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि अभी लोगों के पास वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक नाम जुड़वाने, हटवाने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को लोक भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में मीडिया को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों के लिए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई है। पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में सात लाख 87 हजार 449 पुरुष और दस लाख 96 हजार 828 महिला मतदाताओं के नाम बढ़े हैं। आम लोग भी अपने जिले की ड्राफ्ट मतदाता सूची देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें संबंधित जिले के निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें- EC का यूपी समेत पांच राज्यों के अफसरों को निर्देश, नियुक्त व सेवानिवृत्त अधिकारी रहे चुनाव प्रचार से दूर

इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता लिस्‍ट में प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं की संख्या का अनुपात 834 से बढ़कर 840 हो गया है। इसी तरह मतदाता-जनसंख्या अनुपात भी 55.17 प्रतिशत से बढ़कर 55.95 प्रतिशत दर्ज किया गया है। निर्वाचन विभाग का कहना है कि पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के प्रयास किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 84 लाख 47 हजार है, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के महज 11.83 लाख मतदाताओं के नाम शामिल हैं।

विवरण में संशोधन की प्रक्रिया भी शुरू

वहीं निर्वाचन विभाग ने इस अंतर को कम करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है, ताकि पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराया जा सके। आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नागरिक 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इस दौरान नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।

चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची की जाएगी प्रकाशित

निर्वाचन विभाग के कार्यक्रम के अनुसार, 28 दिसंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने और पात्र नागरिकों को इसमें शामिल करने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ पर आलेख्य मतदाता सूची और आवेदन फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे। नागरिक इनसे संपर्क कर सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के साथ आवश्यक आवेदन भी कर सकेंगे।

आधिकारिक वेबसाइट पर भी मतदाता सूची रहेगी उपलब्ध

साथ ही मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच संबंधित मतदान केंद्र, बीएलओ के पास उपलब्ध सूची, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। इसके साथ निर्धारित फोटो और जन्मतिथि तथा सामान्य निवास से संबंधित मान्य दस्तावेज देने होंगे।

युवाओं को किया जाएगा जागरूक

वहीं निवास स्थान बदलने, नाम-पते में सुधार, मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी प्रविष्टियों में संशोधन अथवा दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों को शामिल कराने के लिए विशेष संपर्क अभियान चलाने की योजना बनाई है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा। वहीं महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों तक पहुंचने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम, महिला स्वयं सहायता समूहों और सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों का सहयोग लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- SIR ट्रिब्यूनल से चौथा इस्तीफा, पूर्व जज बिस्वजीत बसु ने छोड़ा पद