कुशीनगर: अब फाजिलनगर का नाम बदलकर हुआ पावागढ़, सीएम योगी ने किया ऐलान

सीएम योगी
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कुशीनगर जिले के फाजिलनगर का नया नाम अब पावागढ़ हो गया है। इस बात का ऐलान खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। एक कार्यक्रम में कुशीनगर पहुंचे सीएम योगी ने ऐलान करते हुए कहा कि फाजिलनगर अब पावागढ़ होगा। जनता को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि आप की जो मांग होती है, फाजिलनगर के विधायक जी उसे पूरा करते हैं। अब फाजिलनगर को हम पावागढ़ के तौर पर मान्यता देने जा रहे हैं। भगवान महावीर के नाम से इसका नाम होगा, क्यों हम फाजिल कहेंगे।

वहीं कुशीनगर को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि 2017 से पहले पहचान का संकट था। जंगल पार्टी का यहां आतंक था, माफियाओं का बोल बाला था। किसानों की भी बुरी स्थिति थी। क्या कोई ये सोचता भी था कि गरीब को फ्री में राशन मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस फाजिलनगर विधानसभा में मुझे कई बार आना पड़ा था, कसया विधानसभा में भी आता था, जब भूख से मुसहरों की मौत होती थी।

मगर आज से नौ साल पहले कुशीनगर की यही सच्चाई थी। यह पिछली सरकारों के पाप के कृत्य थे कि गरीब भूख से मर रहा, नौजवान बेरोजगार घूम रहा, किसान आत्महत्या करने को मजबूर था। आम जनता माफिया और अपराधियों से परेशान थी। राज्य के अंदर कोई सुविधा नहीं थी और बाहर पहचान का संकट था।  त्योहार आते ही दंगे शुरू हो जाते थे। सीएम ने कहा कि पडरौना में डोल मेला के मौके पर भी  दंगे हुए। न्याय मांगने वालों को देवरिया जेल भेज दिया गया, मैं देवरिया जेल से उनको छुड़ाकर लाया था। उन्होंने कहा कि सरकार ने मच्छर की तरह माफिया को भी खत्म कर दिया, लेकिन पहले यहां मच्छर  बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी लाता था।

इस दौरान सीएम ने कुशीनगर में 424 करोड़ से अधिक लागत की 278 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र एवं चेक भी वितरित किए गए।

यह भी पढ़ें- अफसरों से बोले CM योगी, सिर्फ अस्पताल व भवनों का विस्तार काफी नहीं, बेहतर प्रबंधन पर ध्यान देना है जरूरी

योगी ने आगे कहा कि आज यूपी में जब कोई नौकरी निकलती है और सेलेक्शन होता है तो हमारे कुशीनगर के नौजवान भी नियुक्तिपत्र पाने आते हैं। मैं हर नियुक्तिपत्र अपने हाथ से देता हूं और पूरी सूची मंगाता हूं, देखता हूं कि कुशीनगर का भी कोई नौजवान आया है कि नहीं। सरकार का विकास का विजन होता है। विकास तब संभव हो पाया, जब आपने अच्छे जनप्रतिनिधि चुने। साथ ही कहा कि 2022 के पहले फाजिल नगर के नाम पर मसखरेबाजी होती थी, तमकुहीराज होती थी। विकास के बारे में कोई नहीं सोचता था।

यह भी पढ़ें- अब यूपी में बदल गया राज्यपाल आवास का नाम, राजभवन कहलाएगा जनभवन