भाजपा के छल-प्रपंच के सामने दब गया हमारे विकास का मुद्दा:  डिम्‍पल यादव

बैठक को संबोधित करती डिम्पल यादव।
बैठक को संबोधित करती डिम्पल यादव। फोटो-आरयू

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के फैसले के बाद आज पहली बार कन्‍नौज की सांसद डिम्‍पल यादव ने भाजपा पर खुलकर हमला बोला। सपा के प्रदेश कार्यालय पर आयोजित महिला सभा की बैठक में बतौर मुख्‍य अतिथि उन्‍होंने कहा कि सपा सरकार ने अपने शानदार विकास कार्यों के आधार पर विधानसभा चुनाव लड़ा था,

यह भी पढ़े- अखिलेश ने कहा फितरत से मजबूर भाजपा आज भी दे रही जनता को धोखा

जबकि भाजपा के नेताओं ने जनता को बहकाने के साथ ही बरगलाने का काम किया। हमारे विकास का मुद्दा उनके छल-प्रपंच से दब गया। उन्‍होंने अपने नेताओं से कहा कि फिर भी निराश होने की बात नहीं है। लोकतंत्र में हार-जीत होती रहती है।

डिम्‍पल यादव
कार्यक्रम मे कुछ इस अंदाज में भी नजर आई डिम्पल यादव। फोटो-आरयू

सपा को मजबूती देने में महिलाओं का भी रहा है अहम योगदान

डिम्पल यादव ने कहा कि समाजवादी सत्ता और विपक्ष दोनों में अपनी भूमिका निभाते रहे है। पार्टी के संघर्षशील नेता फिर सत्ता की वापसी में सफल होंगे। महिलाओं का भी पार्टी को मजबूती देने में अहम योगदान रहा है। किसान, नौजवान, महिलाओं आदि के सहयोग एवं संघर्ष से ही हमारी सरकार बनी थी।

यह भी पढ़े- झूठ की खेती करने में माहिर है भाजपा, अखिलेश के बाद राजेंद्र चौधरी ने साधा निशाना

गिनाईं सपा सरकार की उपलब्धियां

सपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्‍होंने कहा कि छात्राओं और महिलाओं को सम्मानजनक अवसर दिया गया। समाजवादी पेंशन और कन्या विद्या धन के साथ ही लैपटॉप योजना से सबसे ज्यादा लाभ का अवसर भी लड़कियों को ही मिला था। जब भी समाजवादी सरकार बनती है महिलाओं को विशेष अवसर देकर आगे बढ़ाने का काम हुआ है।

यह भी पढ़े- विधानमंडल दल के नेता बने अखिलेश, कहा झूठों वादों से बनी है भाजपा सरकार

सदस्‍यता अभियान को सफल बनाने पर हुई चर्चा  

इस दौरान 15 अप्रैल से 15 जून तक चलने वाले पार्टी के सदस्यता अभियान को सफल बनाने पर भी चर्चा की गई। बैठक को नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, अरविन्द सिंह, जूही सिंह सहित महिला सभा की उपाध्यक्ष शीला सिंह, महासचिव विद्या यादव, राजदेवी चौधरी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गीता सिंह ने किया।