UP राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने जारी की छह प्रत्याशियों की लिस्ट

भाजपा

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 11 राज्यसभा सीटों पर आगामी दस जून को चुनाव होने वाला है। इस चुनाव के लिए रविवार को भाजपा की तरफ से प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की गई। भाजपा ने फिलहाल छह सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है।

भाजपा की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक दस जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए यूपी से डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डॉ. राधामोहन अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह और संगीता यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

गौरतलब है कि राज्यसभा में उत्तर प्रदेश के कुल 31 सदस्यों में से 11 सदस्यों का कार्यकाल चार जुलाई को पूरा हो रहा है। इनमें भाजपा के जफर इस्लाम, शिव प्रताप शुक्ला, संजय सेठ, सुरेंद्र नागर और जयप्रकाश निषाद शामिल हैं। इसके अलावा सपा के सुखराम सिंह यादव, रेवती रमण सिंह और विशंभर प्रसाद निषाद का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस के पूर्व नेता सुनील जाखड़ ने थामा भाजपा का दामन, जेपी नड्डा ने कहा-पंजाब में पार्टी होगी मजबूत

मालूम हो कि विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन ने 273 सीटें जीती हैं, जबकि सपा गठबंधन के पास 125 विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस के पास दो, बसपा के पास एक और राजा भईया के पास दो विधायक हैं। यूपी विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। ऐसे में एक सीट जीतने के लिए 34 विधायकों का वोट जरूरी हैं। भाजपा का 11 में सात पर जीतना तय माना जा रहा है। वहीं, सपा गठबंधन भी तीन सीटों पर आसानी से जीत सकती है।

यह भी पढ़ें- कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बने भाजपा विधान परिषद के नेता सदन