UP भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे भूपेंद्र सिंह चौधरी, हुआ जोरदार स्‍वागत

भूपेंद्र चौधरी
लखनऊ में भूपेंद्र चौधरी का स्‍वागत करते डिप्‍टी सीएम।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी भाजपा की राज्य इकाई के अध्‍यक्ष बनने के बाद सोमवार को नई दिल्ली से लखनऊ पहुंचे। यहां चारबाग रेलवे स्टेशन पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। दोनों डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और ब्रजेश पाठक भी उनको रेलवे स्‍टेशन रिसीव करने पहुंचे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने 25 अगस्त को चौधरी को पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई का अध्‍यक्ष नियुक्त किया था। बीजेपी के एक पदाधिकारी ने बताया कि चौधरी सोमवार दोपहर शताब्‍दी एक्‍सप्रेस से चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचे तो उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक और सांसदों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

भूपेंद्र चौधरी चारबाग स्टेशन से निकलकर एक सुसज्जित रथ पर सवार हुए और पार्टी के प्रदेश कार्यालय की तरफ बढ़े। उन्होंने बताया कि रथ पर चौधरी के साथ उत्तर प्रदेश के दोनों उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष व जल शक्ति मंत्री स्‍वतंत्र देव सिंह भी सवार थे। सड़क पर उमड़ी भीड़ का अभिवादन करते हुए यह काफिला आगे बढ़ा।

यह भी पढ़ें- धर्मपाल सिंह को मिली UP भाजपा संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी, सुनील बंसल बने राष्ट्रीय महामंत्री

भाजपा नेता के साथ केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा समेत कई मंत्री, सांसद और विधायक भी शताब्दी एक्सप्रेस के जरिये दिल्ली से लखनऊ आए हैं। पदाधिकारी ने बताया कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत और अभिनंदन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी राजधानी को भगवामय कर दिया। उन्होंने पूरे शहर में पार्टी के होर्डिंग, बैनर और झंडे लगाए।

यूपी भाजपा के सह-मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि नई दिल्ली से लखनऊ पहुंचने के दौरान रास्ते में पड़ने वाले रेलवे स्टेशनों पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्‍यक्ष का अभिनंदन किया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन से अटल चौक तक के यात्रा मार्ग को तोरण द्वार और पताकाओं से सजाया गया है। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में चौधरी का स्वागत करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भी शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने भूपेंद्र सिंह चौधरी को दी उत्‍तर प्रदेश की कमान