राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मायावती ने की मुलाकात, कहा देश को उनसे बहुत आशाएं

बसपा सुप्रीमो
राष्‍ट्रपति को बुके देतीं मायावती।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। बसपा सुप्रीमो ने फूलों का गुलदस्ता देकर द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी। जिसके बाद मायावती ने कहा कि राष्ट्रपति महोदया से उनकी मुलाकात काफी अच्छी रही। उनकी यही कामना है कि वो समाज और देश का नाम रोशन करें।

बसपा मुखिया मायावती ने अपने आज अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी से राष्ट्रपति भवन में आज काफी अच्छी मुलाकात हुई। अनुसूचित जनजाति (एसटी) समाज से ताल्लुक रखने वाली देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनने पर उनसे मिलकर उन्हें औपचारिक तौर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वे समाज व देश का नाम रौशन करें, यही कामना।”

अगले ट्वीट में मायावती ने कहा कि, “वैसे तो बीएसपी व अन्य पार्टियों ने भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें अपना समर्थन दिया और वे भारी मतों से विजयी हुई, किन्तु अगर थोड़ा और सही व सार्थक प्रयास किया गया होता तो वे सर्वसम्मति से यह चुनाव जीत कर एक और नया इतिहास जरूर बनातीं। देश को उनसे बहुत सारी आशाएं।” वहीं बसपा सुप्रीमो ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ अपनी तस्वीरे भी साझा की है, जिसमें वो उन्हें फूलों का गुलदस्ता देते दिखाई दे रही हैं।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस नेता के बयान को मायावती ने बताया शर्मनाक, कहा, द्रौपदी मुर्मू का शानदार निर्वाचन बहुत लोगों को पसंद नहीं

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय से आने वाली पहली महिला राष्ट्रपति बनी है। एनडीए ने जब उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया था मायावती ने उन्हें समर्थन देने का ऐलान किया था और कहा था कि आदिवासी समाज से आने की वजह से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बसपा ने उनके समर्थन दिया है।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्म को समर्थन देगी बसपा, मायावती ने किया ऐलान