आकाश आनंद ने कहा, अयोध्या में हर साल दीयों का रिकॉर्ड बनता पर बेरोजगारी का रिकॉर्ड लगातार टूट रहा

आकाश आनंद
जनसभा को संबोधित करते आकाश आनंद।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी ने अपने जनाधार को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद शुक्रवार को अयोध्या के बीकापुर पहुंकर जनसभा को संबोधित किया। आकाश आनंद ने अपने सख्त तेवर दिखाते हुए प्रदेश की योगी सरकार को कई मुद्दों पर घेरा तो सपा को भी निशाना साधा। बसपा नेता ने कहा कि अयोध्या में हर साल दीयों का रिकॉर्ड बनता है और बेरोजगारी का रिकॉर्ड भी लगातार टूट रहा है।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रीय संयोजक बनाने पर मायावती की सफाई, आकाश आनंद को अब BSP से निकालने की नहीं पडे़गी जरूरत

जनसभा में आकाश आनंद ने बेरोजगारी और पेपर लीक का मुद्दा उठाया और कहा कि बीते दस सालों में दस से ज्यादा भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए है। बच्चा सालभर पढ़ता है और परीक्षा से पहले ही पेपर बाजार में पहुंच जाता है। अगर प्रदेश में कोई चीज समय पर पहुंचती है तो वह है लीक पेपर। दीपोत्सव को लेकर आकाश ने कहा कि अयोध्या में हर साल दीयों का रिकॉर्ड बनता है और हर साल टूटता है, लेकिन बेरोजगारी का रिकॉर्ड भी लगातार टूट रहा है। दीया जलाना अच्छी बात है, लेकिन सरकार से यह भी पूछा जाना चाहिए कि उनकी रोशनी कितने घरों तक पहुंचती हैं। बीकापुर के भाजपा विधायक पर भी निशाना साधता।

पांच साल तक करना पड़ता है इंतजार

बसपे के राष्ट्रीय संयोजक ने बीकापुर के भाजपा विधायक को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि डॉक्टर साहब विधानसभा में बैठे हैं, लेकिन बीकापुर का मरीज आज भी इलाज के लिए लखनऊ जाने वाली बस में बैठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से दो महीने पहले विधायक गांव-गांव जाकर लोगों को आश्वासन देते हैं, लेकिन जीतने के बाद जनता को पांच साल तक उनका इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां के विधायक अमित सिंह चौहान जनता का फोन तक नहीं उठाते।

रातोंरात सपा के पी का मतलब पंडित हो गया

इस दौरान आकाश आनंद ने अपनी रैली में समाजवादी पार्टी और प्रमुख अखिलेश यादव पर भी जुबानी वार किया। उन्होंने कहा​ कि वह अखिलेश यादव का सम्मान करते है, लेकिन उन्हें खुद नहीं पता कि वह क्या करना चाहते हैं। आकाश ने सपा के पीडीए फॉर्मूले पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कल तक पीडीए में पी का मतलब पिछड़ा था, लेकिन ब्राह्मण समाज के बसपा से जुड़ने के बाद रातोंरात पी का मतलब पंडित हो गया। उन्होंने कहा कि चुनाव आते-आते पी का मतलब फिर बदल जाएगा और डी-ए घबराए बैठे हैं कि कहीं उनका नंबर न लग जाए। अयोध्या की बीकापुर विधानसभा सीट से आकाश आनंद ने जितेन्द्र सिंह बबलू को बसपा का उम्मीदवार भी घोषित किया।

कांग्रेस के खिलाफ खोला मोर्चा

कांग्रेस के खिलाफ भी मोर्चा खोलते हुए आकाश ने कहा कि आजादी के बाद कई दशकों तक केंद्र और लगभग हर राज्य में कांग्रेस सत्ता में रही। एससी-एसटी, ओबीसी और मुस्लिम समुदायों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी उन्हें वोट दिया। बदले में उन्हें क्या मिला? आगे कहा कि आरक्षण सिर्फ किताबों तक सीमित रहा, बैकलॉग खाली पड़े रहे, प्रमोशन रोक दिए गए, अल्पसंख्यकों को डरा-धमकाकर उनके वोट लिए गए और जब भी आगे बढ़ने या तरक्की करने की बात आई, तो उन्हें किनारे कर दिया गया। वोट पाने के लिए उन्होंने उन्हें गले लगाया, लेकिन सत्ता में आते ही उन्हें पहचानने से भी इनकार कर दिया।

यह भी पढ़ें- मायावती ने आकाश आनंद को सौंपी UP में जनसभाओं की जिम्मेदारी, ईशान दिल्ली में संभालेंगे बसपा के कामकाज