भाजपा ने भूपेंद्र सिंह चौधरी को दी उत्‍तर प्रदेश की कमान

भूपेंद्र सिंह चौधरी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर लंबे समय से अटकलें चल रही थीं। इस दौरान केशव प्रसाद मौर्या, दिनेश शर्मा, श्रीकांत शर्मा, बस्ती से सांसद हरिश द्विवेदी, कन्नौज से सांसद सुब्रत पाठक और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के नाम को लेकर लग रही तमाम अटकलों के बीच आखिरकार भाजपा ने नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने यूपी में नए प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद सिंह चौधरी को सौंपी है।

भाजपा के महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी एक चिट्ठी में गुरुवार को नाम का ऐलान किया है। पार्टी ने यूपी की कमान भूपेंद सिंह चौधरी को दी है, जिसके बाद यूपी में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर भूपेंद सिंह चौधरी, वर्तमान में योगी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की जगह लेंगे। वहीं भाजपा के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए नाम घोषित होने के बाद चौधरी को मंत्री पद से इस्तीफा देना होगा।

भूपेंद्र चौधरी के अबतक के सफर के बारे में बात करें तो 1966 में मुरादाबाद जिले के थाना छजलैट इलाके के ग्राम महेंद्री सिंकदरपुर में जन्में भूपेंद्र सिंह चौधरी की शुरुआती शिक्षा गांव के ही प्राथमिक स्कूल में हुई। फिर उन्होंने मुरादाबाद के आरएन इंटर कॉलेज से 12वीं की परीक्षा पास की। छात्र जीवन में ही वह विश्व हिंदू परिषद से जुड़े और फिर वर्ष 1991 में उन्‍होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली, इसके दो साल बाद 1993 में वह भजापा की जिला कार्यकारिणी के सदस्य बन गए।

यह भी पढ़ें- अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने समेत योगी की कैबिनेट में नौ प्रस्‍ताव मंजूर, कैबिनेट मंत्री संभालेंगे मंडल

साल 2006 में उन्हें भाजपा ने मुरादाबाद का क्षेत्रीय मंत्री बनाया, इसके बाद 2012 में पार्टी का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया, 2016 में चौधरी भूपेंद्र सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने एमएलसी नामित किया। वर्ष 2017 में भाजपा की सरकार बनी तो चौधरी भूपेंद्र सिंह को पंचायतीराज का अध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया।

यह भी पढ़ें- धर्मपाल सिंह को मिली UP भाजपा संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी, सुनील बंसल बने राष्ट्रीय महामंत्री