जाति विशेष को नौकरी देने वालों को सबका साथ सबका विकास की हकीकत नहीं आयेगी समझ: भूपेंद्र चौधरी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मंगलवार को अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुये कहा कि जाति विशेष को नौकरी देने वालों को सबका साथ सबका विकास की हकीकत समझ नहीं आयेगी। चौधरी ने कहा कि सपा कार्यकाल में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी चरम पर थी। साथ ही कहा कि सपा कार्यकाल में युवा पलायन को मजबूर हो गए थे, लिहाजा प्रदेश के युवा पहले ही सपा को नकार चुके हैं।

सपा कार्यकाल में प्रदेश में बेरोजगारी दर 18 प्रतिशत तक थी। इसकी मुख्य वजह अखिलेश सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति थी, क्योंकि उस दौर में कुछ जाति-समुदाय विशेष को ही नौकरी मिलती थी। ऐसा करने वाले सबका साथ-सबका विकास की परिभाषा क्या जानेंगे। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख बेबुनियाद बातें कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता उनके झांसे में नहीं आने वाली है। भाजपा सरकार ने पिछले सात वर्षों में साढ़े छह लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है, जबकि ढाई करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार के साधन उपलब्ध कराये हैं।

यह भी पढ़ें- 80 बनेगा आधार, राजग 400 के पार, फिर एक बार मोदी सरकार: CM योगी

भाजपा सरकार की नीतियों का ही असर है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। विदेशों में नौकरी के लिए भी उनकी डिमांड हो रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश सरकार की भ्रष्टाचार नीतियों के कारण प्रदेश में बेरोजगारी दर घटने की जगह बढ़ गयी थी। उनके शासन काल में प्रदेश में बेरोजगारी दर 18 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, भाजपा सरकार में यह घटकर 2.4 प्रतिशत हो गई है।

यह भी पढ़ें- जनसभा में बोले सीएम योगी, ब्रज का करना है विकास, कांग्रेस-सपा व बसपा ने नहीं ली सुध