सहारनपुर रोड शो में बोलीं प्रियंका, मोदी को सत्य नहीं चाहिए सत्ता

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/सहारनपुर। भगवान राम ने भी सत्य की लड़ाई लड़ी थी। जब उनके सामने रावण युद्ध करने के लिए आया तो सारी शक्ति रावण के पास थी, लेकिन भगवान राम ने नौ व्रत रखकर सारी शक्ति अपने पास ले ली थी। इसके बाद रावण से युद्ध किया और सत्य की जीत हुई।

उक्त बातें कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को सहारनपुर की गोल कोठी से लेकर कुतुबशेर थाने तक रोड शो कर जनता को भी संबोधित कर कही। इस दौरान प्रियंका गांधी ने मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि इस देश ने सत्ता को नहीं सत्य को पूजा है और मोदी सत्ता को पूजते हैं सत्य को नहीं। वहीं प्रियंका ने कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के समर्थन में वोट की अपील की।

प्रियंका गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने छोटे व्यापारी, गरीब, मजदूर के लिए कुछ नहीं किया और अडानी अंबानी का 16 लाख करोड रुपए का कर्ज माफ कर दिया। भाजपा सरकार ने हमेशा अमीरों की जेब भारी है। गरीब को कुछ नहीं मिला इलेक्ट्रोल बॉन्ड स्कीम भी भाजपा लेकर आई थी और वह इस सूची के नाम गोपनीय रखना चाहती थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने नाम उजागर करने के आदेश दिए तो भाजपा की पोल खुल गई।

यह भी पढ़ें- प्रियंका का PM मोदी से सवाल, कब तक कांग्रेस पर लगाते रहेंगे आरोप

जो कंपनी 180 करोड रुपए का मुनाफा कमा रही है, वह कंपनी 1100 करोड़ रुपए का चंदा भाजपा को दे रही है। आखिर यह पैसा कहां से आ रहा है? मोदी ने काला धन लाने के लिए कहा था। क्या आया? जीएसटी आई, जिसने व्यापारियों की कमर तोड़ दी। सहारनपुर के लोगों का लकड़ी का कारोबार ठप हो गया। एक समय था जब यहां से बड़ी संख्या में लकड़ी के बने उत्पाद एक्सपोर्ट हुआ करते थे। मोदी सरकार में वह भी बंद हो गए। मेरी जनता से अपील है कि वह सपा कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी भाई इमरान को भारी मतों से जिताएं। आने वाले 19 अप्रैल को अधिक से अधिक मतदान करें।

यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी का हमला, खुद को महान मान लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे मोदी, देश नहींं है किसी की जागीर