सोनिया गांधी का हमला, खुद को महान मान लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे मोदी, देश नहींं है किसी की जागीर

लोकतंत्र की मर्यादा
महासभा को संबोधित करतीं सोनिया गांधी।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस की ओर से जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में ‘न्याय पत्र महासभा’ के आयोजन में राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए भाजपा और मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें प्रियंका गांधी का मोदी सरकार से सवाल, आखिर क्यों ले रहे 14 लाख करोड़ का कर्ज

साथ ही सोनिया गांधी ने कहा, आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। देश के ऊपर हो जाने की बात सपने में भी नहीं सोची जा सकती। क्या कोई देश से बड़ा हो सकता है? जो ऐसा सोचता है उसे देश की जनता सबक सिखा देती है। दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं। मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। यह देश किसी की जागीर नहीं है, देश से बड़ा कोई नहीं हो सकता है।

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने धमकाने, बीजेपी में शामिल कराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हमारा देश पिछले दस साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता व अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

इस दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि ‘वीरों और देश भक्तों के इस महान प्रदेश के प्रतिनिधि के तौर पर इस कार्यक्रम में आपके बीच आकर मुझे अपार गर्व हो रहा है। साथियों, कभी हमारे महान पूर्वजों ने अपने कठिन संघर्ष के बल पर पराधीनता के अंधेरे में देश की स्वाधीनता के सूर्य को खोजा और पाया था। इतने वर्षों बाद वो महान ज्योति कुछ मद्धिम पड़ गई है। चारों ओर अन्याय का अंधकार बढ़ा है। हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि हम इसके खिलाफ लड़ेंगे और न्याय की रोशनी खोजेंगे। जनसभा में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी समेत कई नेता शामिल हुईं।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का अकाउंट्स फ्रीज करने पर राहुल ने बोला मोदी सरकार पर हमला, नहीं बचा देश में लोकतंत्र