पूर्व सीएम रामनरेश यादव के बेटे व सपा-बसपा के पूर्व सांसदों व विधायकों ने थामा भाजपा का दामन

रामनरेश यादव के बेटे
दूसरे दलों से आए नेताओं का भाजपा में वेलकम करते ब्रजेश पाठक।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव के बीच राजनीतिक दलों से नेताओं के दल बदलने का दौर जारी। इसी क्रम में शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव के बेटे अजय यादव व सपा के कई नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने दूसरे दलों से आये सपा व बसपा के कई पूर्व सांसद व विधायकों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।

अजय नरेश यादव ने सदस्यता लेने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश का नाम दुनिया में आदर के साथ लिया जा रहा है। वैश्विक स्तर पर आज भारत प्रभावी भूमिका में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व प्रदेश का चौतरफा विकास हो रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद से बसपा के पूर्व सांसद वीर सिंह, इटावा से सपा के पूर्व सांसद कमलेश कठेरिया, सपा सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री रहे के.सी.पाण्डेय, पूर्व विधायक आदित्य त्रिपाठी, पूर्व विधायक गजेन्द्र सिंह और पूर्व विधायक रमेश कुशवाहा को भाजपा में शामिल कराया।

इसी तरह गोरखपुर से सपा छोड़कर आये आदित्य शुक्ला, मथुरा से सीएस धनगर, महराजगंज से श्याम सुन्दर चौरसिया, मऊ से राज कुमार सिंह, शंभू लाल दोहरे व जिला पंचायत सदस्य सोनी पासवान भाजपा में शामिल हुईं।

यह भी पढ़ें- कई दलों के नेताओं को भाजपा में शामिल कर बोले ब्रजेश पाठक, प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों की जीत में बनें सहभागी

भाजपा में शामिल नेताओं का स्वागत करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आप लोग भाजपा को मजबूत करने का काम करें। हम लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उप्र की 80 में 80 सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना नरेंद्र मोदी का सपना है। भारत अब विकासशील नहीं विकसित राष्ट्र होगा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद कांताकर्दम, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित और प्रदेश के सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस छोड़ते ही भाजपाई हुए गौरव वल्लभ ने लगाया आरोप