कई दलों के नेताओं को भाजपा में शामिल कर बोले ब्रजेश पाठक, प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों की जीत में बनें सहभागी

भाजपा में शामिल
नेताओं को बीजेपी की सदस्‍यता दिलाते उप मुख्‍यमंत्री।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुटी है। इस बीच उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की मौजूदगी में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर कई दलों के नेता भाजपा में शामिल हुए।

सदस्यता ग्रहण करने वालों में सपा महिला सभा की पूूूर्व प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कमलपाल कौर (लखीमपुर), पंजाबी अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष हरपाल सिंह जग्गी (लखीमपुर), पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुनीतपाल मोंटी अहलूवालिया (लखीमपुर) व सपा के पूर्व प्रदेश सचिव अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ हरपाल सिंह राना (लखीमपुर) शामिल रहे।

इसके अलावा समाजसेवी राजिंदर सिंह नीटा (कानपुर), जिला पंचायत सदस्य पूजा सिंह (फतेहपुर), कांग्रेस के प्रदेश सचिव व डुमरियागंज विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सच्चिदानंद पाण्डेय (सिद्धार्थनगर), सपा प्रवक्ता जेबा याशमीन (लखनऊ), वरिष्ठ सर्जन डॉ. कौशल वर्मा (लखीमपुर), पूर्व चेयरमेन कल्पना बाजपेयी (लखीमपुर) ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा परिवार में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत है। लोकसभा चुनाव घोषित हो चुका है और हमें जुटकर पिछले चुनाव की अपेक्षा प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाने हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 400 सीटें जीतने का लक्ष्य भाजपा व सहयोगी दलों के लिए लिया है। इस संकल्प की पूर्ति तभी हो सकेगी जब प्रदेश की सभी 80 सीटें भाजपा की झोली में आएं।

यह भी पढ़ें- BSP को झटका दे भाजपा में शामिल हुए सांसद रितेश पांडे

आप सभी को अपने क्षेत्रों में भाजपा को मजबूत करने के लिए जुट जाना है और प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा की बड़ी विजय में सहभागी बनना है। पाठक ने कहा कि पूरे देश में जनता का गठबंधन मोदी और भाजपा के साथ हो चुका है। केन्द्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनेगी और मोदी के नेतृत्व में राजग गठबंधन को 400 से अधिक सीटें मिलेगी।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हो बोले विभाकर शास्त्री, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्‍व में जय जवान, जय किसान के विजन को ले जाऊंगा आगे