बिहार में महागठबंधन की सीटें फाइनल, RJD-26, कांग्रेस-नौ, लेफ्ट पांच पर लड़ेगी चुनाव

बिहार में महागठबंधन
प्रेसवार्ता में जानकारी देते महागठबंधन के नेता।

आरयू वेब टीम। लंबे समय से चल रहे मंथन के बाद आखिरकार बिहार में महागठबंधन में शुक्रवार को सीटों का फॉर्मूला तय हो गया। इस बार लोकसभा चुनाव में बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर आरजेडी के 26, कांग्रेस नौ और लेफ्ट के लिए पांच सीटों की घोषणा की गई है।

आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर इसका ऐलान किया कि बिहार में महागठबंधन के दलों में सभी सीटों पर सहमति बन गई है। इस प्रेसवार्ता में आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों के नेता भी शामिल थे। अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि महागठबंधन में अब किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं रह गया है। सभी सीटों पर बंटवारा हो गया है।

इससे पहले बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर लंबे समय तक गतिरोध बना हुआ था। खासतौर पर पूर्णिया सीट को लेकर पेच फंसा हुआ था। हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए तेज तर्रारा नेता पप्पू यादव पूर्णिया से चुनाव लड़ना चाहते थे। उन्होंने यहां तक कहा कि पूर्णिया उनकी मां के समान है। दुनिया छोड़ दूंगा, लेकिन पूर्णिया नहीं छोड़ूंगा, हालांकि जेडीयू छोड़कर आईं बीमा भारती को पूर्णिया से चुनाव लड़ने के लिए आरजेडी का चुनाव चिह्न प्रदान कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- 19 अप्रैल से एक जून तक सात चरणों में होगा लोकसभा चुनाव, चार जून को आएगा रिजल्ट, EC का ऐलान

की गई घोषणा के मुताबिक गया, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, बक्सर, पाटलीपुत्र, मुंगेर, जमुई, बांका, वाल्मिकी नगर, पू्र्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, सारण, सिवान, गौपालगंज, उजियारपुर, दरभंगा, मधुबनी, झंझापपुर, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया और हाजीपुर में आरजेडी के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

वहीं कांग्रेस के हिस्से में जो नौ सीटें गईं हैं, वे हैं- किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर (अनु. जाति), पश्चिमी चंपारण, पटना साहिब, सासाराम (अनु. जाति), औरमहाराजगंज।

इसके अलावा बिहार में तीनों वाम दलों को दी गई सीटें इस प्रकार हैं- सीपीआई (एम एल)- आरा, काराकाट, नालंदा। सीपीआई- बेगूसराय। सीपीएम – खगरिया।

यह भी पढ़ें- जनसभा में राहुल गांधी का बड़ा ऐलान, कांग्रेस की सरकार आते ही बिना सर्वे मिलेगा महिलाओं को आरक्षण, मोदी सरकार पर भी साधा निशाना