UP के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा पर बीजेपी ने जताया भरोसा, बनाया राज्‍यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार

राज्यसभा उपचुनाव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने यूपी में खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार का रविवार को ऐलान कर दिया है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को राज्यसभा उपचुनाव का प्रत्याशी घोषित किया है। ये सीट भाजपा सांसद हरिद्वार दुबे के निधन के बाद खाली हुई थी। डॉ. दिनेश शर्मा विधान परिषद के सदस्य हैं। उनका कार्यकाल 30 जनवरी 2027 तक है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने पत्र जारी कर कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी राज्यसभा के उपचुनाव के लिए एक नाम पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। यह पत्र बीजेपी के केन्द्रीय कार्यालय से जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी राज्यसभा की खाली हुई सीट पर 15 सितंबर को वोटिंग

रिक्त सीट पर 15 सितंबर को मतदान होगा। इसके लिए नामांकन की तारीख पांच सितंबर और नाम वापस लेने की तारीख आठ सितंबर रखी गई है। डॉ. दिनेश शर्मा ने राजनीतिक सफर की शुरुआत सबसे पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। बाद में दिनेश शर्मा भाजपा के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे। साल 2006 में डॉ. दिनेश शर्मा लखनऊ के मेयर बनें। साल 2014 में वह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए। जिसके बाद यूपी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर उन्‍हें उपमुख्‍यमंत्री की जिम्मेदारी मिली।

यह भी पढ़ें- जनसभा में केशव मौर्या का अखिलेश पर हमला, उपचुनाव बाद सपा हो जाएगी समाप्तवादी पार्टी