जनसभा में बोले सीएम योगी, ब्रज का करना है विकास, कांग्रेस-सपा व बसपा ने नहीं ली सुध

ब्रज का विकास
जनसभा में शामिल हुए सीएम योगी साथ में हेमा मालिनी व अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/ मथुरा। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री मथुरा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान योगी ने दावा किया कि काशी और अयोध्या के बाद अब ब्रज भूमि का विकास करना है। योगी ने विपक्ष को भी निशाने पर लेते हुए हमला बोला। सीएम ने कहा, कांग्रेस, बसपा, सपा ने कभी यहां की सुध नहीं ली।

साथ ही योगी ने कहा कि जब यहां की सांसद हेमा मालिनी जीतीं तब उनके सुझाव पर हम लोगों ने इसे तीर्थ स्थल घोषित करते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाया। कृष्ण जन्मभूमि और मस्जिद विवाद पर अदालत के फैसले का इंतजार करेंगे। अयोध्या में हमने 500 साल तक इंतजार किया, लेकिन संघर्ष से कभी हटे नहीं, ये तो रामभक्तों पर गोली चलाते थे। कोई जय श्री राम का नारा लगा तो उन पर लाठी और गोली चलती थी, लेकिन आज अयोध्या जाएंगे तो आपको त्रेता युग की याद आ जाएगी।

सीएम योगी ने कहा, अयोध्या में पहले मथुरा-वृंदावन की तरह कुंज गलियां था, आज वहां हर कोई खुश है। हमने काशी और अयोध्या में जो कार्य करना था उसे लाइनअप कर दिया है। अब हमारा पूरा फोकस ब्रज भूमि पर करना है। यहां सब कुछ होगा। यहां का विकास भी यहां के लोगों की भावनाओं के हिसाब से कराने जा रहे हैं। अयोध्या में रामलला विराजमान हो गए, काशी का काम भी हो गया है, अब मथुरा के काम को भी विकास की गति देना है।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर निशाना, ये चुनाव फैमिली फर्स्ट बनाम नेशन फर्स्ट का

वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस को देश में साठ साल तक शासन करने का मौका मिला, क्यों नहीं इन्होंने काशी में विश्वनाथ धाम का निर्माण किया। मोदी जी तो पिछले दो बार से ही सांसद हैं। मुख्यमंत्री ने पूछा पहले की केंद्र और राज्य की सरकारों ने क्यों काशी के बारे में सोचा। क्यों नहीं उन्होंने मथुरा वृंदावन के बारे में सोचा। आखिर सपा-बसपा-कांग्रेस सभी को आपने अवसर दिया था। यहां पर नंदगांव, गोकुल, गोवर्धन, बरसाना, मथुरा, वृंदावन सभी को तीर्थ स्थल बनाने का कार्य था ये सब भाजपा ने किया।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने कहा, प्रदेश में पहले भूख से होती थी मौतें, अब हर गरीब को मिल रहा राशन