कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बने भाजपा विधान परिषद के नेता सदन

स्वतंत्र देव सिंह

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। योगी सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को शुक्रवार को यूपी विधानमंडल में विधान परिषद में भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोनीत किया गया है। भाजपा उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने बड़ी जिम्मेदारी दी है।

वहीं स्वतंत्र देव सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता सदन का मुझे महत्वपूर्ण दायित्व देने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व व प्रदेश नेतृत्व का हार्दिक आभार। मैं सभी को विश्वास दिलाता हूं कि मैं पूरी निष्ठा से अपने इस नवीन दायित्व का निर्वहन करुंगा।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान बेहद सक्रिय रहे स्वतंत्र देव सिंह के पास संगठन के साथ सरकार के काम संभालने का काफी अनुभव है। पार्टी सदन में भी उनका लाभ लेने के प्रयास में है। भाजपा के नीचे स्तर के कार्यकर्ता में भी जोश भरने का काम करने वाले स्वतंत्र देव सिंह विधानसभा चुनाव में पराजय झेलने वाले सभी प्रत्याशियों को पत्र भेजकर उनको पिछली बात भूलने की सलाह देकर आगे कदम बढ़ाने की राह भी सुझाई थी।

यह भी पढ़ें- बोले सीएम योगी, सरकार को बिना भेदभाव के समाज के सभी वर्ग तक पहुंचानी चाहिए योजनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहद विश्वास पात्र स्वतंत्र देव सिंह विधान परिषद में नेता सदन बने हैं। योगी आदित्यनाथ विधान परिषद में भाजपा विधायक दल के नेता हैं। दोनों ही सदन में भाजपा के पास बहुमत है और भाजपा 23 मई से शुरू होने वाले यूपी विधान मंडल के बजट सत्र में विपक्ष पर हर स्तर पर हावी रहने के प्रयास में रहेगी।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी का निर्देश, अभियान चला निर्माणाधीन परियोजनाओं को कराएं पूरा, फोन न उठाने वाले अफसरों को भी दी सुधरने की चेतावनी