JE अभ्यर्थियों ने UPSSSC कार्यालय घेरकर की नारेबाजी, कहा आठ साल से कर रहे भर्ती का इंतजार

प्रदर्शन
प्रदर्शन करते अभ्यर्थी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आठ साल से अवर अभियंता (जेई) भर्ती का इंतजार कर रहे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बुधवार को यूपीएसएसएससी कार्यालय पहुंचे। अभ्यर्थियों ने पिकअप भवन के बाहर जमकर नारेबाजी की और इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल जेई भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग उठाई। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती का अधियाचन करीब तीन साल पहले आयोग को भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ।

प्रदर्शन में शामिल इलेक्ट्रिकल के छात्र ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह पिछले दो महीने में करीब 15वीं-16वीं बार आयोग के अधिकारियों के सामने अपनी मांग रखने पहुंचे हैं। साथ ही बताया कि 2023 में जेई भर्ती का अधियाचन आयोग को भेजा गया था। उस समय पीईटी-2023 के आधार पर भर्ती की उम्मीद थी।

इसके बाद पीईटी-2024 नहीं हुआ और पीईटी -2025 के आधार पर भर्ती कराने की बात कही गई। अब पीईटी-2025 के आधार पर कई भर्ती विज्ञापन जारी हो चुके हैं, लेकिन इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल जेई भर्ती का विज्ञापन अब तक नहीं आया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि पीईटी-2025 के आधार पर यूपीएसएसएससी अब तक करीब 23 भर्ती विज्ञापन जारी कर चुका है। हाल में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी के पदों का विज्ञापन भी जारी हुआ है। ऐसे में अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब अन्य भर्तियों के विज्ञापन जारी हो रहे हैं तो जेई भर्ती का विज्ञापन क्यों नहीं निकाला जा रहा। जबकि करीब तीन साल पहले से भर्ती का प्रस्ताव आयोग के पास है।”

अभ्यर्थियों क आरोप है कि पिछले दो-तीन महीनों में उन्होंने आयोग के अधिकारियों से कई बार बातचीत की। भर्ती में देरी को लेकर अलग-अलग कारण बताए गए। कभी सिलेबस तो कभी योग्यता को लेकर मामला अटकने की बात कही गई। बाद में पीईटी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। लगातार आयोग के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें भर्ती का विज्ञापन जारी होने की कोई स्पष्ट तारीख नहीं बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने राजभर आवास का घेराव कर किया प्रदर्शन

इस दौरान प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर लेकर पहुंचे थे। एक बैनर पर लिखा था- “डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के घर के हजारों चक्कर लगे, अब तो भर्ती निकाल दो।” अभ्यर्थियों ने कहा कि वे अफसरों और जनप्रतिनिधियों से कई बार मुलाकात कर चुके हैं। इसके बावजूद भर्ती का विज्ञापन नहीं निकलने से तकनीकी डिप्लोमा धारक युवाओं में नाराजगी है।

अभ्यर्थियों ने भर्ती की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने, देरी का कारण बताने और विज्ञापन जारी करने की मांग कर कहा कि आठ साल से इंतजार कर रहे युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।

यह भी पढ़ें- नियुक्ति के लिए शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पहुंचे 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी, दोहराया आरक्षण घोटाले का आरोप