लखनऊ विश्वविद्यालय में धरना दे रहा युवक बेहोश होकर गिरा, छात्रों का आरोप प्रशासन ने नहीं दी एंबुलेंस

लखनऊ विश्वविद्यालय
लखनऊ विश्वविद्यालय में धरना दे रहा छात्र हुआ बेहोश।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि और छात्रों के निष्कासन के विरोध में 22 दिनों से छात्रों का धरने पर बैठे हैं। इस बीच बुधवार को धरना दे रहे एक छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर गया। इस दौरान छात्रों को कैंपस की एंबुलेंस नहीं मिली। बेहोशी की हालत में किसी तरह साथी छात्रों ने उन्हें तत्काल बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल छात्र की हालत स्थिर है।

छात्रों का आरोप है कि घटना के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में एंबुलेंस उपलब्ध होने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई मदद तो दूर की बात है, जबकि एंबुलेंस तक देने से साफ इंकार कर दिया गया। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन का क्रूर चेहरा सबके सामने आ गया। छात्रों का कहना है कि धरने में शामिल छात्र प्रेम प्रकाश को अस्पताल ले जाने के लिए उन्हें खुद व्यवस्था करनी पड़ी, जबकि कैंपस में दो एंबुलेंस खड़ी रही थीं।

यह भी पढ़ें-  लखनऊ यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोत्‍तरी के खिलाफ छात्रों ने किया प्रदर्शन, प्रॉक्टोरियल बोर्ड से हुई नोकझोंक

वहीं प्रेम प्रकाश की तबीयत बिगड़ने के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। वहीं, इस घटना के बाद परिसर में छात्रों के बीच चिंता के साथ ही भारी आक्रोश का माहौल है।

गौरतलब है कि फीस वृद्धी और तीन छात्रों के निष्कासन के विरोध में छात्रों का एक समूह दो जून से विश्वविद्यालय परिसर में सरस्वती प्रतिमा के सामने लगातार धरना दे रहा है। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ यूनिवर्सिटी में रोहित वेमुला की याद में मार्च निकाल रहे छात्रों की ABVP कार्यकर्ताओं से भिड़त