लाइब्रेरियन भर्ती नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने घेरा ब्रजेश पाठक का आवास, डिप्‍टी सीएम ने दिया आश्‍वासन

लाइब्रेरियन भर्ती
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करते पुलिस के जवान। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लाइब्रेरियन के पदों पर लंबे समय से भर्ती नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने मंगलवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने भर्ती निकालने की मांग करते हुए नारेबाजी। जिसकी जानकारी लगने पर ब्रजेश पाठक ने अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और यूपीएसएसएससी अध्यक्ष से बात करके जल्द से जल्‍द समाधान निकालने का आश्‍वासन प्रदर्शनकारियों को दिया।

एक दशक से नहीं हुई बहाली, लेकिन अधिकारी…

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि उत्‍तर प्रदेश में साल 2016 के बाद से लाइब्रेरियन के पदों पर कोई नई बहाली नहीं हुई है। युवाओं ने मांग की है कि सरकार पीईटी-2025 के आधार पर तुरंत विज्ञापन जारी करे। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग के पास 362 पदों का अधियाचना (अधियाचन) पहले से उपलब्ध है, लेकिन अधिकारी हर बार अगले महीने का आश्‍वासन देकर मामला टाल देते हैं।

कई संस्थानों में बिना लाइब्रेरी साइंस…

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों (अमित और मनीष) ने आरोप लगाया कि यूपी में 2006 में बने लाइब्रेरी एक्ट का कड़ाई से पालन नहीं किया जा रहा है। कई संस्थानों में बिना लाइब्रेरी साइंस की योग्यता वाले कर्मचारियों से काम लिया जा रहा है, जबकि डिग्री धारक युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। छात्रों का कहना है कि यदि सरकार भर्ती नहीं निकाल सकती तो लाइब्रेरी साइंस का कोर्स ही बंद कर देना चाहिए। जब तक आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा

यह भी पढ़ें- फीस बढ़ोतरी की वापसी व छात्रसंघ चुनाव के लिये समाजवादी छात्रसभा ने किया प्रदर्शन

इस दौरान प्रदर्शनकारियों से मुलाकात के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अभ्यर्थियों की बात सुनी और आश्वासन दिया। साथ ही बताया कि इस विषय पर यूपीएसएसएससी के अध्यक्ष से बात की गई है और समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए हैं। डिप्टी सीएम ने कहा, हमारी सरकार युवाओं के साथ है। मैं खुद छात्र राजनीति से निकलकर आया हूं, इसलिए अभ्यर्थियों के दर्द को भली-भांति समझता हूं। शासन और आयोग स्तर पर सकारात्मक रास्ता निकाला जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पूर्व अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के पिकअप भवन स्थित मुख्यालय के बाहर भी 14 मई, दो जून और 19 जून 2026 को कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर प्रदर्शन: पुलिस की ज्यादती के आरोपों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने गठित की समिति