योगी सरकार की नीतियों व कानून-व्यवस्था को लेकर शिवपाल यादव का हल्ला बोल प्रदर्शन, ये मांगें भी उठाईं

हल्ला बोल प्रदर्शन
जीपीओ पर प्रदर्शन करते प्रसपा के कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। योगी सरकार पर खराब नीतियों व कानून-व्यवस्था का आरोप लगाते हुए गुरुवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है। अपराधी बेखौफ हैं, जिसके सामने योगी सरकार पूरी तरह लाचार नजर आ रही है।

शिवपाल ने कार्यकर्ताओं संग पार्टी कार्यालय से लेकर राजभवन तक मार्च निकाला और प्रदर्शन किया। पहले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता प्रसपा कार्यालय के बाहर इकट्ठे हुए। कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से नारेबजी करते निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इससे नाराज कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे।

यह भी पढ़ें- डेयरी संचालकों का हाल जाननें निकले शिवपाल यादव ने उठाई मांग, बंद हो दुग्‍ध व्‍यापारियों से वसूली

हल्ला बोल प्रदर्शन

वहीं प्रदर्शनकारियों को उग्र होता देख कई थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।

इस दौरान मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर प्रदर्शन समाप्त कराया। राज्यपाल को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान प्रदेश सरकार जब से सत्ता में आई है प्रदेश का हर वर्ग सरकार की जनविरोधी नीतियों का अत्याचार से पीड़ित है।

यह भी पढ़ें- सोनभद्र नरसंहार को लेकर शिवपाल ने साधा योगी सरकार पर निशाना, उठाई यूपी में गृहमंत्री के नियुक्‍ती की मांग

किसानों को बुनियादी जरूरतें जैसे खाद, बीज, पानी, बिजली के लिए मोहताज होना पड़ रहा है। बढ़ती महंगाई से कृषि लागत मूल्य में लगातार वृद्धि हो रही है। फसलों की समयबद्ध खरीद व व्यावहारिक न्यूनतम समर्थन मूल्य के अभाव में किसानों को लाभकारी मूल्य तो दूर लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। बीज, खाद, सिंचाई पर कोई ध्यान नहीं दिए जाने से बाजार बिचौलियों के कब्जे में चला गया है।

योगी सरकार महंगाई रोकने में असफल है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। प्रदेश में विकास कार्य ठप है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। आज महिलाएं व बच्चे असुरक्षित हैं। जिला, तहसील मुख्यालयों, थाना में किसानों एवं आम जनता का शोषण उत्पीड़न हो रहा है।

यह भी पढ़ें- ईमानदार सीएम योगी का नौकरशाही पर नहीं है कंट्रोल: शिवपाल