60 साल से ऊपर की महिलाओं को फ्री बस यात्रा समेत योगी की कैबिनेट ने कई प्रस्ताव को दी मंजूरी

यूपी कैबिनेट
मंत्रीमंडल के साथ कैबिनेट बैठक करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने समेत कुल 24 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। सरकार के मुताबिक इस योजना की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी बुधवार को करेंगे।

इस योजना के तहत प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में यात्रा के लिए किराया नहीं देना होगा। कैबिनेट बैठक में इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मुहर लगी है। इसकी जानकारी देते हुए यूपी सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि 60 साल प्लस महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

यह भी पढ़ें- स्कूटी स्‍कीम व दो एक्सप्रेसवे समेत 16 प्रस्तावों को योगी की कैबिनेट में मंजूरी

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना को स्वीकृति दी गई है, 60 साल से ऊपर की महिलाओं को परिवहन निगम की सभी बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा के लिए अनुमन्य होंगी। इसके लिए महिलाओं को वोटर आइडी कार्ड, आधार कार्ड दिखाना होगा। वहीं रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश में पहले की तरह मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर 26,28,29 अगस्त को (27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक) परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी मिलेगी।

250 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को भी मंजूरी

कैबिनेट बैठक में परिवहन व्यवस्था से जुड़ा एक और अहम फैसला लिया गया।  सरकार ने 250 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इनमें 42 सीटर और 52 सीटर बसें शामिल होंगी। सरकार के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बसों की खरीद से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

अल्पसंख्यक छात्रों को छात्रवृत्ति मिलेगी

अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), ओबीसी और अल्पसंख्यक छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए पोर्टल खोला जाएगा। इसके जरिए 3.57 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। सरकार छात्रवृत्ति के लिए 551.95 करोड़ रुपए खर्च करेगी। यह छात्रवृत्ति वर्ष 2025-26 में छूटे छात्रों को दी जाएगी।

यूपी में एमबीबीएस इंटर्न्स का भत्ता बढ़ा

सरकार ने मेडिकल इंटर्नशिप का स्टाइपेंड यानी भत्ता 12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए प्रतिमाह कर दिया है। इससे पहले यूपी के एमबीबीएस इंटर्न्स स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। इंटर्न्स ने स्टाइपेंड 12 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रतिमाह करने की मांग की थी।

यह भी पढ़ें- योगी की कैबिनेट में 27 प्रस्ताव मंजूर, जलालाबाद का बदला नाम