इस्लामाबाद के अस्पताल में ब्लास्ट से लगी भीषण आग, 15 नवजातों की जलकर मौत

अस्पताल में ब्लास्ट

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक अस्पताल में बुधवार को भीषण ब्लास्ट से अस्पताल में आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से झुलसे 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसा पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआइएमएसI) अस्पताल में स्त्री रोग वार्ड की नर्सरी में हुआ।

अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय नर्सरी में 16 नवजात बच्चे मौजूद थे। हम सिर्फ एक ही बच्चे को बचा पाए थे। बाकी 15 बच्चों की आग में झुलसने की वजह से मौत हो गई। रेस्क्यू अधिकारियों के अनुसार, नर्सरी के अंदर एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में विस्फोट हुआ। इसके बाद आग लग गई और तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई। आग की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अफसरों के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है।

जिला प्रशासन ने आग की घटना की जांच के लिए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में कमेटी बनाने का फैसला किया है। कमेटी ये पता लगाएगी कि आखिर आग कैसे लगी और हादसे के पीछे की वजह क्या थी। जांच के बाद ही आग लगने की असल वजह और हादसे के जिम्मेदारों के बारे में पता चल पाएगा।

पीआइएमएस पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद का सबसे बड़ा अस्पताल है, जो करीब 140 एकड़ में फैला हुआ है। करीब 140 एकड़ में फैले इस अस्पताल में करीब-करीब 1300 बेड हैं। यहां 27 से अधिक प्रकार की बीमारियों के इलाज की सुविधा है। अस्पताल में कई बड़े मेडिकल सेंटर्स हैं, जिनमें इस्लामाबाद अस्पताल, चिल्ड्रन्स अस्पताल, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर, बर्न केयर सेंटर और कार्डियक सेंटर शामिल है।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी वायुसेना ने आतंकियों के बजाय नागरिकों पर गिराए बम, 30 की मौत, 20 से अधिक घायल

अस्पताल के चिल्ड्रन अस्पताल में नवजात बच्चों के इलाज और एनआइसीयू की सुविधा है। इसके अलावा, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर में गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के लिए अलग व्यवस्था है। हादसे के बाद अस्पताल की फायर सेफ्टी और नवजातों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें- नए साल पर काबुल में मिलिट्री एयरपोर्ट के बाहर धमाका, दस लोगों के मारे जाने की आशंका