आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के देवती गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाका इतना तेज था कि गोदाम की छत और दीवारें तक उड़ गईं। हादसे की सूचना पर पुलिस, एसीपी और एसडीएम मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कर मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार दिन में करीब 11 बजे नगराम के देवती गांव में स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि गोदाम की कोठरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आस-पास के लोग धमाके की आवाज सुनकर मौके पर दौड़ पड़े और कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई।
विस्फोट के बाद गोदाम में रखा सामान और वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलें मलबे के नीचे दब गईं। कुछ हिस्सों में आग भी लग गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। लोगों ने किसी तरह स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। हादसे के समय गोदाम के पास मौजूद 22 वर्षीय मारिया और युवक मोहित विस्फोट की चपेट में आ गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान मारिया की मौत हो गई। वहीं मोहित गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें- बाराबंकी पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, दो की मौत, पांच घायल
गोदाम के लाइसेंस धारक शफीक ने बताया कि शादी के सीजन को देखते हुए गोला-पटाखा तैयार किया जा रहा था। गोदाम में पहले से बारूद और तैयार सामग्री रखी हुई थी। घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे, इसलिए विस्फोट की असली वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है।
इस संबंध में डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि यह विस्फोट एक लाइसेंसी फैक्ट्री में हुआ है। उन्होंने कहा कि महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी, जिसकी बाद में मौत हो गई। अब यह जांच का विषय है कि आखिर लाइसेंस होने के बावजूद इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई।




















