यूपी के टोल प्लाजा पर LPG टैंकर में हुआ ब्लास्ट, जिंदा जल गया ड्राइवर, सात झुलसे

टैंकर में ब्लास्ट
टैंकर में ब्लास्ट बाद उठती आग लपटें।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/कौशांबी। उत्तर प्रदेशें शुक्रवार को भीषण हादसा हो गया है। कौशांबी टोल प्लाजा पर एलपीजी सिलेंडर से भरा टैंकर ब्लास्ट हो गया। इस घटना में ड्राइवर जिंदा जल गया, जबकि सात लोग झुलस गए है। आग इतनी भयानक थी कि ड्राइवर का शव पूरी तरह जल गया और बाद में टैंकर के अंदर से केवल हड्डियों के कुछ अवशेष ही बरामद हो सके। हादसे में टोल प्लाजा के पांच कर्मचारी भी झुलस गए। इस दौरान 16 बाइक और दो कारें जलकर राख हो गयी हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह एक एलपीजी से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से जा टकराया। टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ और टैंकर में भीषण आग लग गई, जिसमें चालक जिंदा जल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जबकि आग की ऊंची लपटों को देखकर टोल प्लाजा के दोनों ओर बसों और कारों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार और आग की लपटें दिखाई दीं।

यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर हुआ। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था। आग की चपेट में आकर टोल प्लाजा यार्ड में खड़ी 16 बाइकें और दो कारें भी खाक हो गईं। शुरुआती जानकारी में चालक के टैंकर से कूदकर बच निकलने की बात कही गई थी, लेकिन आग बुझने के बाद टैंकर के भीतर उसके अवशेष मिलने से उसकी मौत की पुष्टि हुई।

बताया जा रहा है कि यह हादसा ओवरटेक के चक्कर में हुआ। जिस समय टैंकर की स्पीड लगभग 60-70 किमी के आस-पास थी। इस दौरान टैंकर डिवाइडिंग लेन से टकराकर पलट गया। वहीं टोल कर्मियों का कहना है कि हादसे से दस मिनट पहले हल्की-फुल्की बारिश हुई थी। पता नहीं अचानक क्या हुआ कि टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा फिर आग लग गई। आग प्लाजा सटे यार्ड और टॉयलेट तक फैल गई। यार्ड में खड़ी 16 से ज्यादा बाइकें और दो कारें जलकर राख हो गईं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में दर्दनाक हादसा, एक्सप्रेस-वे पर पलटी स्‍लीपर बस, महिला व मासूमों समेत छह यात्रियों की मौत, 28 घायल, नशे में था ड्राइवर

कौशांबी एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने मीडिया को बताया कि हादसे में सात लोग घायल हुए है। पांच लोगों का जिला अस्पताल में शुरुआती इलाज कराया गया। पांच को हालत नाजुक देखते हुए प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

घायलों की पहचान आलोक सिंह (25), कृष्णपाल मौर्य (26), हीरामणि सिंह (27), अतुल मिश्रा (25) और अनिल कुमार (35) और आलोक पांडे के रूप में हुई है। डीएसओ और तकनीकी टीम को सूचित कर दिया गया है, जो मौके पर पहुंचकर घटना के सटीक कारणों की जांच करेगी।

यह भी पढ़ें- दर्दनाक: ट्रक से टक्कर के बाद प्राइवेट बस में लगी आग, 14 यात्रियों की जलकर मौत, कई की हालत गंभीर